मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक दक्षिण कमान, पुणे द्वारा सतर्कता जागरूकता सप्ताह समापन समारोह का किया गया आयोजन

पुणे, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक दक्षिण कमान पुणे कार्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह समापन समारोह का विशेष रूप से  आयोजन किया गया। उक्त आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से., र.र.अ. रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक तथा आर्मी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता शर्मा उपस्थित थी। श्रीमती एन. एस. वाईकर, भा.र.ले.से.,  रक्षा लेखा सहायक नियंत्रक ने मुख्य अतिथि महोदय तथा श्रीमती एस. आर. बोइड भा.र.ले.से., रक्षा लेखा सहायक नियंत्रक द्वारा प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता शर्मा को पुष्पगुच्छ प्रदान कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आदरणीय प्रधान नियंत्रक महोदय तथा गणमान्य अतिथियों और उपस्थित सभी भा र ले से  अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया तथा माता सरस्वती की प्रतिमा को माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए।
31 अक्टूबर 2022 को एकता दिवस के उपलक्ष में आयोजित निबंध प्रतियोगिता तथा सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान एवम् उपलक्ष में आयोजित विविध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आदरणीय प्रधान नियंत्रक महोदय तथा गणमान्य अतिथि के कर कमलों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इन प्रतियोगिताओं में विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक कार्यालय ने पहली बार अपने कार्यालय से बाहर किसी विद्यालय को इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में और अपने आयोजनों में शामिल किया। आर्मी पब्लिक स्कूल पुणे के कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए दिनांक 7 नवंबर 2022  को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन उन्हीं के विद्यालय में किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते समय 9 विजेता छात्र-छात्राओं के चेहरे पर एक अनूठी प्रसन्नता झलकी और विजयी मुस्कान थी।
आर्मी पब्लिक स्कूल, पुणे की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता शर्मा ने अपने संबोधन में इस बात पर प्रकाश डाला कि हम सतर्कता जागरूकता सप्ताह क्यों मना रहे हैं, हम सभी को सोचने की जरूरत है कि इसके कारण क्या  हैं? हमारे राष्ट्रीय और सामाजिक जीवन में से नैतिक  मूल्यों का ह्रास हुआ है, उसमें कमी आई है। हमें समाज में  देश में चारों तरफ फैले हुए  हर प्रकार के भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए हमारे नागरिकों को हमारे भविष्य को अर्थात  हमारे बच्चों को नैतिकता का पाठ पढ़ाना चाहिए। वे नैतिक और मानसिक रूप से कैसे सुदृढ़ हो और आगे चलकर  आदर्श भारत राष्ट्र निर्माण में अपना किस प्रकार योगदान दें इस ओर  विशेष ध्यान देना चाहिए।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में आदरणीय रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक महोदय ने अपने ओजस्वी अध्यक्षीय उद्बोधन के  आरंभ में भारत सरकार के इस वर्ष के थीम वाक्य  भ्रष्टाचार मुक्त भारत और प्रगत भारत को याद दिलाया। भ्रष्टाचार ने हमारे देश को खोखला कर दिया है, इससे हमारा सामाजिक ताना-बाना छिन्न-भिन्न हो गया है। उन्होंने विष्णुगुप्त अर्थात चाणक्य को कोट करते हुए कहा  कि समाज में लगभग 40 प्रकार की मछलियां होती हैं जो तालाब को अर्थात समाज को दूषित करती हैं इस गंदगी को कम करने के लिए हमें सबसे पहले बड़ी मछलियों को पकड़ना चाहिए तभी हम इस दूषित वातावरण को जल्द से जल्द शुद्ध और निर्मल कर सकते हैं।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि  रोकथाम हमेशा से ही इलाज से बेहतर होती है इसलिए हमें  सदैव ही ऐसे उपाय करने चाहिए जिससे कि देश में समाज में कोई रोग फैले ही नहीं। इस रोकथाम की पहल के लिए हमें अपने आधारभूत मूल्यों की ओर मुड़ना होगा, हमारी उज्जवल संस्कृति-सदाचार की ओर बढना होगा। घरों में तथा स्कूलों में दिए जाने वाले सुसंस्कारों को मजबूत करना होगा, क्योंकि स्कूल और घर ही हमारे चरित्र निर्माण करने की आधारशिला हैं, इसलिए स्कूलों में ही बच्चों को सत्यनिष्ठा और कर्तव्य परायणता के पाठ पढ़ाने चाहिए। उन्हें एक आदर्श राष्ट्र और आदर्श समाज के निर्माण के लिए सतत प्रेरित करते रहना चाहिए। उनके रक्त  और मस्तिष्क में यह अंकित कर देना चाहिए कि हम कभी भी अपने आचरण में किसी भी प्रकार के भ्रष्ट व्यवहार को आने नहीं देंगे और सदैव राष्ट्रभक्ति के साथ जनहित एवं राष्ट्रहित की ओर अग्रसर रहेंगे।
565 रियासतों को एक कर हमारे देश को विशाल आकार देने वाले तथा अनेकता में एकता का सूत्र देने वाले लौह पुरुष प्रथम उप प्रधानमंत्री तथा प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा को कार्यालय के प्रांगण में स्थापित करने की उनकी महत्वपूर्ण घोषणा ने सभी उपस्थितों में एक नवीन प्रकार का उत्साह संचारित कर दिया। सरदार वल्लभभाई पटेल के अनेक गुणों को गिनाते हुए उन्होंने उनकी स्मृति में मनाए जाने वाले एकता दिवस को सार्थक सिद्ध किया।
गणमान्य मुख्य अतिथि, रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक तथा इस समापन समारोह को सभी प्रकार से सफल बनाने में अपना बहुमूल्य   योगदान देने वाले प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी के प्रति श्री आलोक तिवारी भा. र.ले.से., रक्षा लेखा सहायक नियंत्रक ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस समापन समारोह का सूत्र संचालन श्री बृजेश शुक्ला ने सुचारू रूप से किया।
यह जानकारी पुणे रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी श्री महेश अय्यंगार द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ