मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे स्टेशन पर यात्रियों के लिए की गई संतोषजनक व्यवस्था

पुणे, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
मुंबई रेल मंडल के छत्रपति  शिवाजी महाराज टर्मिनस-मस्जिद स्टेशनों के बीच स्थित कर्नाक रोड ओवर ब्रिज के डिस्मेंटलिंग कार्य के परिणाम स्वरूप रविवार 20 नवंबर को पुणे में कुछ गाड़ियों को शॉर्ट टर्मिनेट, शार्ट ओरिजनेट तथा कुछ गाड़ियों को रद्द किया गया था। इसके लिए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की थीं। यात्रियों को सुविधा, मदद मिले इसके लिए पुणे स्टेशन पर हेल्प बूथ स्थापित कर अतिरिक्त पूछताछ काउंटर खोला गया था। साथ ही स्टेशन पर गाड़ियों के रद्दीकरण, शार्ट टर्मिनेशन, शार्ट ओरिजनेट आदि संबंधित सूचना के बारे में लगातार अनाउंसमेंट की जा रही थी।
पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विभिन्न गंतव्य से मुंबई जाने वाली सोलापुर-मुंबई सिद्धेश्वर एक्सप्रेस, गदग-मुंबई एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम-मुंबई एक्सप्रेस, कोल्हापुर-मुंबई कोयना एक्सप्रेस, तथा बेंगलुरु-मुंबई उद्यान एक्सप्रेस इन 5 गाड़ियों को पुणे स्टेशन पर टर्मिनेट किया गया था। पुणे में यात्रा समाप्ति पर टिकट निरीक्षकों के दल इन गाड़ियों से उतरने वाले यात्रियों को संपर्क कर उन्हें मार्गदर्शन करके उन्हें यात्रा विकल्पों की जानकारी दे रहे थे। स्टॉफ द्वारा मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों को उपलब्ध अन्य गाड़ियों में कल्याण, वसई रोड, पनवेल तक जाने में उनकी मदद की गई। रेल प्रशासन ने महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम से संपर्क कर पहले से ही अतिरिक्त बसों की व्यवस्था के प्रयास किए थे। यात्रियों को बसों में जाने के लिए उचित रूप से समन्वय कर उनकी सहायता की गई।
यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ियों के टर्मिनेशन/ओरिजनेट के बारे में बहुत पहले एसएमएस के जरिए सूचनाएं दे दी गई थी। वहीं टिकट की रिफंड की व्यवस्था के लिए  काउंटर भी खोला गया। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ का भी अतिरिक्त बंदोबस्त किया गया। व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए रेल प्रशासन ने अतिरिक्त सुपरवाइजर, स्टाफ तैनात किए। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न अधिकारियों द्वारा  इंतजामों पर  निगरानी रखी जा रही थी।  वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे, सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अजय कुमार, श्री एस. वी. एन. सुभाष स्टेशन पर की जा रही व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे। डॉ. हिरवे स्वयं भी मदद बूथ पर काफी समय तक यात्रियों को गाइड करते रहे। कंट्रोल कार्यालय 24 घंटे सक्रिय रुप से व्यवस्था को सुचारु रुप से संचालित करने में लगा रहा।
इस तरह पुणे रेल प्रशासन ने विशेष प्रयास करके यात्रियों का पर्याप्त ख्याल रख कर उन्हें समय पर मदद पहुंचाने में अपनी बड़ी भूमिका निभाई। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों के प्रयासों पर संतोष व्यक्त कर धन्यवाद दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ