मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

टिकट निरीक्षकों ने निभाया मानवता एवं ईमानदारी का धर्म

पुणे, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
पुणे रेल मंडल के कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी के साथ-साथ कई मानवीय सहायता तथा खोई हुई वस्तुएं मिलने पर यात्रियों को वापस पहुंचाकर नेक कार्य के लिए अग्रसर रहते हैं। इसी कड़ी में हाल ही में दो घटनाक्रम में एक यात्री को गाड़ी में तबीयत ख़राब होने पर उसे तत्काल सहायता देकर राहत दी तथा एक अन्य मामले में महिला यात्री द्वारा यात्रा के दौरान भूलवश छूटा हुआ मंगलसूत्र कर्मचारियों ने उसे वापस लौटा दिया।
पुणे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज श्री झंवर द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार विगत दिनों पुणे के हेड टीटीई वाई.पी. कुरहाडे तथा आर.एन. काटकर गाड़ी संख्या 11030 कोल्हापुर-मुंबई कोयना एक्सप्रेस में कोल्हापुर से पुणे तक ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उन्हें एक यात्री ने सूचित किया कि कोच के पैसेज में एक यात्री बेहोश हालत में पड़ा हुआ है और शायद उसकी तबीयत ठीक नहीं है। इस पर दोनों टीटीई तुरंत बेहोश यात्री के पास पहुंचे और उसे होश में लाने में मदद की तथा उसे पानी दिया और उसे सीट पर ले जाकर बिस्कुट आदि खाने को दिया। टीटीई द्वारा की गई तत्काल सहायता के चलते यात्री की तबीयत जल्दी ठीक होने में मदद हुई। कोच के अन्य यात्रियों ने इस पर दोनों टीटीई को धन्यवाद किया। इस घटना को तथा रेलवे स्टाफ द्वारा की गई सहायता के बारे में इस दौरान गाड़ी में यात्रा कर रहे डॉ. क्षितिज देशमुख ने ‘ट्विटर’ पर उनकी सराहना की है।
कुछ दिनों पहले संदीप कुमार अर्जुन माली, हेड टीटीई/मिरज गाड़ी संख्या 17318 दादर-हुबली एक्सप्रेस में पुणे से मिरज के लिए ड्यूटी पर तैनात थे। यात्रियों के टिकट जांचने के दौरान उन्हें स्लीपर कोच की एक बर्थ पर सोने का एक मंगलसूत्र मिला। कोच में यात्रियों से पूछताछ करने पर मालूम हुआ कि उक्त बर्थ का यात्री सांगली स्टेशन पर उतर गया है। इस पर संदीपकुमार ने तुरंत सांगली स्टेशन मास्टर को सूचित किया कि यदि कोई यात्री उक्त आभूषण के लिए स्टेशन पर पूछताछ करता है, तो वह उससे संपर्क कर सकता है। गाड़ी के मिरज पहुंचने पर संदीपकुमार ने पीएनआर से मोबाइल नंबर ट्रेस कर उक्त महिला यात्री को स्वर्ण आभूषण वापस पाने के लिए मिरज स्टेशन पर आने हेतु सूचित किया तथा उचित सत्यापन के बाद यह सीटीआई/मिरज की उपस्थिति में यात्री को वापस किया गया। अपना मंगलसूत्र वापस मिलने पर महिला ने हर्ष व्यक्त कर रेल प्रशासन को बहुत धन्यवाद दिया।
इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा ने तीनों हेड टीटीई को सम्मानित किया है। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि कर्मचारियों द्वारा किया गया यह कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है और उनके इस मानवीय एवं ईमानदारीपूर्ण कार्य के लिए पुणे रेल मंडल को उन पर गर्व है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेशकुमार सिंह तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ.मिलिंद हिरवे उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ