पुणे रेल मंडल द्वारा खड़की रेल्वे स्टेशन पर किया गया मॉक ड्रिल का आयोजन
पुणे, दिसंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)दुर्घटनाग्रस्त यात्री गाड़ी में बचाव एवं राहत कार्यो को प्रभावी ढंग से कर यात्रियों को मदद पहुँचाने के बारे में एक मॉक ड्रिल अभ्यास का आयोजन पुणे रेल मंडल द्वारा किया गया। पुणे-लोणावला रेल मार्ग के खड़की स्टेशन पर मुंबई-चेन्नई यात्री स्पेशल गाड़ी के स्लिपर एस-1 तथा एस-4 कोच में आग लगने की सूचना खड़की स्टेशन मास्टर ने दूरध्वनि द्वारा नियंत्रक कक्ष पुणे को शुक्रवार 9 दिसंबर की सुबह 09.22 बजे दी। दुर्घटना संदेश प्राप्त होने के पश्चात मंडल नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी विभागों को तुरंत सूचित किया गया तथा जानकारी मिलते ही दुर्घटनाग्रस्त कोच के यात्रियों को मदद पहुंचाने के लिए सुबह 9.42 बजे पुणे रेलवे स्टेशन से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन, मेडिकल रिलीफ ट्रेन दुर्घटना स्थल की ओर रवाना की गई।
सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक इंदुरानी दुबे, अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार सिंह एवं मंडल संरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार, मेडिकल टीम एवं रेल सुरक्षा बल के साथ दुर्घटना स्थल पर जल्द ही पहुँच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए। दुर्घटना की सूचना एनडीआरएफ, एमसीओ तथा राज्य सरकार के स्थानीय प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा विभाग को भी दी गई वे सभी अपने दल-बल के साथ आधे घंटे में घटनास्थल पर पहुंच गए। जब सभी अधिकारियों और बचाव दल के सदस्यों को पता चला कि यह ‘मॉक ड्रिल’ थी तब उन्होंने राहत की सांस ली। इसके बाद हुई मॉक ड्रिल में कोच में फंसे यात्रियों को विभिन्न उपकरणों के माध्यम से बाहर निकालने, उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाने और प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन किया गया। सभी विभागों की तत्परता को देखते हुए सेंट्रल रेलवे के प्रिन्सिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर धनंजय नाईक, मंडल रेल प्रबंधक इंदु रानी दुबे तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार सिंह ने उनकी सराहना की।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप कमाडंट दीपक तिवारी, मंडल संरक्षा अधिकारी पुणे देवेंद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री विजय सिंह दडस, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे, पुणे रेलवे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा सलाहकार डॉ. संजय आठवले, डॉ. सुजीत कुमार, पुणे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज झंवर, सहायक सुरक्षा आयुक्त स्वरुप कुमार गंगोपाध्याय तथा मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 350 से अधिक कर्मचारी, अधिकारी, पुलिस, रेल सुरक्षा बल के जवान, खडकी एमसीओ, कान्टोंमेंट स्टाफ, मेडीकल स्टाफ, सेंट जॉन एम्बूलेंस के कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।



0 टिप्पणियाँ