मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति की दूसरी बैठक संपन्न

पुणे, दिसंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे मंडल की मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति की दूसरी बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती इन्दु दुबे ने की। बैठक का संयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे ने किया। बैठक में आए सदस्यों ने यात्री सुविधाओं तथा समस्याओं पर सुझाव दिए जिन पर विचार विमर्श किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने इन पर उचित समाधान करने का आश्वासन दिया। 
बैठक में सर्वश्री  संदीप बुटाला,  निखिल काची, गोपाल घनश्यामदास तिवारी, विनीत विलास पाटिल, सुरेश श्रीपति माने, बशीर सुतार,  श्रीनिवास  शर्मा,  तानाजी कराले,  अप्पासाहेब शिंदे, किशोर धोंडीराम बोरावत, दिलीप बटवाल, शिवनाथ बियानी आदि सदस्यगण उपस्थित थे। 
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्रीमति इन्दु दुबे ने पुणे मंडल पर किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों, गतिविधियों, इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों तथा यात्री सुविधाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पटरियों का उचित मेंटेनेंस, सिग्नल व्यवस्था को और मजबूत बनाने, गाड़ियों को सुरक्षित तथा समय पर चलाने आदि के लिये उचित कदम लिए जा रहे हैं। पुणे रेल प्रशासन यात्रियों को सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सदस्यों से रेलवे के विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, राजस्व जुटाने में अपनी ओर से सार्थक प्रयास कर सहयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मंडल के पुणे स्टेशन पर लिफ्ट तथा एस्कलेटर की सुविधा, हड़पसर, तलेगांव, चिंचवड आदि स्टेशनों पर वेटिंग रूम को विकसित करना, चिंचवड स्टेशन पर पुणे-मुंबई प्रगति, कोल्हापुर-मुंबई महालक्ष्मी एक्सप्रेस को स्टॉपेज, पुणे-मुंबई  सिंहगढ़ एक्सप्रेस में पिंपरी तथा चिंचवड स्टेशन हेतु अलग बोगियां प्रदान करना, मिरज स्टेशन पर स्थित लिफ्ट नियमित कार्य करने, कराड स्टेशन पर मेल / एक्सप्रेस गाड़ियों का स्टॉपेज, विभिन्न यात्री सुविधाओं को विकसित करना, गुड्स शेड विकसित करना आदि सुझाव दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने इस पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। 
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह सहित कई शाखाधिकारी उपस्थित थे। मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. रामदास भिसे ने आभार प्रकट किया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ