पुणे, जनवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे रेल मंडल के कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी के साथ साथ कई मानवीय सहायता तथा खोई हुई वस्तुएं मिलने पर यात्रियों को वापस पहुंचाकर नेक कार्य के लिए अग्रसर रहते हैं I इसी कड़ी में रविवार को एक घटनाक्रम में महिला यात्री द्वारा यात्रा के दौरान भूलवश छूटा हुआ औषधियों का बैग कर्मचारियों ने उसे वापस लौटा दिया I
पुणे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज झंवर द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार उप स्टेशन प्रबंधक श्री अनिलकुमार तिवारी पुणे स्टेशन पर सुबह ड्यूटी पर तैनात थे I इस दौरान एक वृद्ध महिला पूछताछ करते हुए उनके पास पहुंची तथा बताया कि वह बारामती - पुणे गाड़ी में यात्रा कर आयी है और भूलवश उनका एक बैग गाडी के कोच में छूट गया है जो शायद यार्ड में भेज दी गई है I उक्त बैग में उनके पोते की बहुत महत्वपूर्ण दवाएँ है जिसकी आयु केवल एक सप्ताह है तथा यह दवाएं उसके अच्छे स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसपर तिवारी ने यार्ड में भेजी गई गाड़ी के इंचार्ज श्री बटवाल को फोन कर गाड़ी में दवाओं के बैग को खोजने हेतु अनुरोध किया। बटवाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैग खोजकर पुणे स्टेशन पर पहुंचाया तथा तिवारी ने उचित पहचान कर बैग महिला को वापस किया । इस पर महिला ने हर्ष व्यक्त कर रेल प्रशासन को बहुत धन्यवाद दिया I
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

0 टिप्पणियाँ