मुम्बई में कल हुई बारिश से कई इलाकों में जल जमाव हो गया है। मौसम विभाग ने शहर के कुछ जगहों पर आज तेज से अत्यधिक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुम्बई में कल सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक सतहत्तर मिलीमीटर बारिश हुई। ठाणे में 148 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बृहन्न मुम्बई नगर निगम के अनुसार गोरेगांव में एक पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई । पिछले चौबीस घंटे में 26 जगहों पर पेड़ गिरने, 15 जगहों पर शार्टसर्किट और घर ढहने की 5 घटनायें हुई हैं। जल जमाव के कारण मुम्बई के विभिन्न इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के बावजूद बृहन्न मुम्बई नगर निगम ने मानसून में हुई देरी को देखते हुए शहर में एक जुलाई से पानी में 10 फीसदी की कटौती करने का निर्णय लिया है।

0 टिप्पणियाँ