मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रत्येक को 5-5 लाख रुपयों की मदद
महाराष्ट्र राज्य के धुले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मुंबई-आगरा हाईवे पर ब्रेक फेल होने की वजह से एक कंटेनर होटल में जा घुसा। हादसे में 38 लोग कंटेनर की चपेट में आ गए। इनमें 10 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हैं। दुर्घटना शिरपुर तालुका के पलासनेर गांव में दोपहर करीब 12 बजे हुई। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कंटेनर अपने आगे चल रही एक कार को रौंदता हुआ सड़क किनारे एक होटल में जा घुसता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना की दौरान कंटेनर की रफ्तार करीब 60-80 किलोमीटर प्रति घंटे रही होगी। कंटेनर पर गिट्टी लदी हुई थी। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया और कंटेनर को क्रेन के जरिए हटाया गया। हादसे में होटल पूरी तरह तबाह हो गया।
पिछले तीन दिनों में यह दूसरा बड़ा रोड एक्सीडेंट है। इससे पहले 1 जुलाई को नागपुर से पुणे जा रही बस खंभे से टकराकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई थी। जिससे उसमें आग लग गई। बस में 33 लोग सवार थे, जिसमें 25 की जलने से मौके पर मौत हो गई थी। इनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा शोक व्यक्त
धुले जिले के पलासनेर में मुंबई-आगरा राजमार्ग पर हुए भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में मृत और उनके परिजनों के प्रति सहवेदना प्रकट कर इस दुखद हादसे में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रत्येक को 5-5 लाख रुपयों की मदद मुख्यमंत्री श्री शिंदे ने घोषित की है।
इस हादसे की जानकारी जैसे ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को मिली, उन्होंने धुले जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर संपर्क किया और घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए घायलों को तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये।

0 टिप्पणियाँ