मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

महाप्रबंधक नरेश लालवानी ने पुणे-दौंड खंड का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की

पुणे, जुलाई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री नरेश लालवानी ने सोमवार 03 जुलाई को पुणे-दौंड खंड का बारीकी से निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती इन्दू दुबे, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री प्रकाश उपाध्याय सहित अन्य शाखाधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने निरीक्षण के  दौरान विद्युत उपरी उपस्कर (ओएचई), सिग्नल प्रणाली, रेलवे ट्रैक सहित सभी तकनीकी पहलुओं का अवलोकन कर कार्यों की समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने लोनी स्टेशन पर स्थित पैनल रूम, रिले रूम का गहनता से निरीक्षण किया तथा यहां पर कार्यरत ट्रैकमन, पाइंट्समन, स्टेशन प्रबंधक आदि कर्मचारियों से बातचीत की  एवं  गाड़ी परिचालन के कार्य के दौरान सेफ्टी नियमों का कड़ाई से पालन करने पर जोर देते हुए उनका समुपदेशन किया।
इसके पश्चात उन्होंने लोनी गुड्स शेड का निरीक्षण किया। वर्तमान में लोनी गुड्स शेड में प्रतिमाह औसतन 85 रेक की ढुलाई की जाती  है। यहां पर यातायात को बढ़ाने के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण करना ताकि सीमेंट के 42 वैगन वाले रेक को अविलंब खाली किया जा सके एवं मशीनीकृत हैंडलिंग को भी बढ़ावा देना ताकि टर्मिनल डिटेंशन को कम कर हैंडलिंग क्षमता में वृद्धि करना आदि मुद्दों पर समीक्षा कर चर्चा की गई।
श्री लालवानी  ने पाटस  स्टेशन का भी निरीक्षण किया तथा दोनों साइडिंग (पेन्ना सीमेंट) और (श्री सीमेंट) पर संभाले आनेवाले यातायात के बारे में चर्चा की। उन्होंने स्टेशन लेआउट का अध्ययन कर संबंधितों को श्री सीमेंट साइडिंग के बचे हुए कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए निर्देश दिए।
उन्होंने प्रवासी समूह के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की तथा पाटस स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग के बारे में विचार करने का आश्वासन दिया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रामदास भिसे द्वारा दी गई है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ