मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

कल अजीत पवार के शपथ ग्रहण समारोह में राकांपा सांसद अमोल कोल्हे का यू टर्न, कहा- मैं साहब के साथ हूं

महाराष्ट्र की सियासत में रविवार से शुरू हुआ ड्रामा सोमवार को भी जारी है। कल तक अजीत पवार के समर्थन में खड़े नजर आ रहे सांसद ने सोमवार को यू-टर्न लेते हुए शरद पवार कैंप का रुख कर लिया। इस सांसद का नाम है अमोल कोल्हे। अमोल कोल्हे शिरूर संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद हैं। अमोल कोल्हे ने खुद ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी। गौरतलब है कि रविवार को अजीत पवार समेत नौ राकांपा विधायकों ने शिंदे सरकार के मंत्री के रूप में शपथ ली है। इसके साथ ही साथ अजीत पवार ने पार्टी और पार्टी सिंबल पर भी दावा ठोक दिया है।
ट्विटर पर लिखी यह बात अमोल कोल्हे ने शरद पवार के साथ जाने की बात कहते हुए अपने ट्वीट में लिखा है कि जब दिल और दिमाग में जंग हो तो दिल की सुनो। शायद दिमाग कभी-कभी नैतिकता भूल जाता है... पर दिल कभी नहीं। एक चैनल के साथ बातचीत में अमोल कोल्हे ने शरद पवार के साथ अपनी निष्ठा जाहिर की है। गौरतलब है कि अमोल कोल्हे मराठी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हैं। वह मराठी सिनेमा में शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज के रोल कर चुके हैं।
गौरतलब है कि रविवार को एक नाटकीय घटनाक्रम के तहत अजीत पवार ने शिंदे सरकार को समर्थन दे दिया। वह राकांपा के कई विधायकों के साथ महाराष्ट्र राजभवन पहुंचे। इनमें अजीत पवार समेत नौ ने शपथ ग्रहण की। इसके बाद से ही महाराष्ट्र में सियासी घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। भतीजे अजीत के इस कदम के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि वह अपनी पार्टी को फिर से खड़ा करेंगे। राकांपा प्रमुख शरद पवार ने आज अपने मार्गदर्शक और महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री दिवंगत यशवंतराव चव्हाण को कराड में उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शक्ति प्रदर्शन किया। बाद में प्रेस कांफ्रेंस की, जिसमें उन्होंने कहा कि वे गुरु पूर्मिमा यानी आज से ही संपूर्ण महाराष्ट्र का दौरा करेंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ