मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

कमिश्नर रेलवे सेफ्टी ने नवनिर्मित नांद्रे से सांगली दोहरी लाइन का निरीक्षण किया


पुणे, जुलाई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे- मिरज रेलखंड पर रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य तेज गति से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चरणबद्ध रुप से चल रही इस परियोजना में नांद्रे  तथा सांगली  स्टेशनों के बीच डबलिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है I इस 12.62 किलोमीटर के सेक्शन में इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य भी पूरा कर लिया  गया है। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी श्री मनोज अरोरा ने सोमवार दिनांक 10 जुलाई को नांद्रे – सांगली के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण कार्य का विस्तृत एवं गहन निरीक्षण करने के पश्चात  रेलगाड़ियों को इस सेक्शन में चलाने के लिए सहमति  दी है।  इस निरीक्षण दौरान उनके साथ मध्य रेल के प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री एन. पी. सिंह , मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती इन्दू दुबे  सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बारिश के समय भी यह कार्य सुचारू रूप से चला तथा इसे संपूर्ण सेफ्टी नियमों का पालन करते हुए पर्याप्त मैनपावर के साथ पूरा किया गया I अब इस  रेलमार्ग पर दोनों लाइनों से रेल यातायात सुगम होगा जिससे गाड़ियों के निर्बाध तथा शीघ्र रूप से चलाने में बहुत मदद मिलेगी तथा  सेक्शन में  ट्रैक लाइन की  क्षमता  बढ़ जाने से गाड़ियों को क्रासिंग के लिए रुकना नहीं पड़ेगा।
सांगली स्टेशन पर नई  इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग व्यवस्था दी गई है  तथा मशीनरी की कार्यक्षमता बनी रहे इसलिए रिले रूम में एसी लगाए  है।  सांगली यार्ड में  मालगाड़ियों के लिए दो रेल लाइन  अलग से उपलब्ध की जाएंगी जिससे  मालगाड़ियों का लोडिंग, अनलोडिंग तथा शंटिंग सुगमता से किया जा सकेगा। सांगली स्टेशन पर  नई  स्टेशन बिल्डिंग बनाई गई है  तथा माधवनगर स्टेशन पर भी नई स्टेशन बिल्डिंग, प्लेटफार्म बनाए गए हैं। 
 नांद्रे स्टेशन पर दोहरी लाइन  परिचालन के  लिए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किया गया है।
    पुणे - मिरज सेक्शन के 279.05 किमी में अब तक 164.07 किलोमीटर रेलमार्ग का दोहरी करण कार्य पूरा कर लिया गया है  तथा शेष कार्य  मार्च  2024 तक पूर्ण  होने की संभावना है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रामदास भिसे द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ