मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

प्रधान नियंत्रक (रक्षा लेखा), दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की अगस्त, 2023 की बैठक का किया गया आयोजन

पुणे, अगस्त (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
01 अगस्त 2023 को पूर्वाह्न 11.30 बजे डॉ. राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से., र.र.अ., प्रधान नियंत्रक (रक्षा लेखा), पुणे की अध्यक्षता में प्रधान नियंत्रक (रक्षा लेखा), दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय के मुख्य सभागृह में तिमाही राजभाषा कार्यान्वयन समिति की विभागीय एवं मासिक अगस्त,2023 की बैठक का आयोजन सुचारु रूप से किया गया।
उक्त बैठक में श्री बी.आर.कांबले, भा.र.ले.से. रक्षा लेखा संयुक्त नियंत्रक, श्री रवि कुमार, वरिष्ठ लेखा अधिकारी, श्रीमती मधु गांधी, वरिष्ठ लेखा अधिकारी, श्रीमती सुहाना अरीफ, सहायक लेखा अधिकारी, राजभाषा अनुभाग में श्रीमती कविता सत्तुरवार, वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी, श्री संदीप बोस, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, श्री विकाश कुमार, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी एवं सुश्री ललिता देवड़वाल इत्यादि शामिल हुए। 
बैठक में श्रीमती कविता सत्तुरवार, वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत किया एवं प्रधान नियंत्रक महोदय की अनुमति से बैठक का शुभारंभ पुष्पगुच्छ देकर किया।
आदरणीय अध्यक्ष महोदय को यह सूचित किया गया कि जून माह को समाप्त तिमाही (Quarter Ending 06/2023) की मुख्य कार्यालय की तिमाही प्रगति रिपोर्ट  दिनांक 27/07/2023 को कार्यालय, रक्षा लेखा महानियंत्रक, मुख्यालय, नई दिल्ली को प्रेषित कर दी गयी। प्रधान नियंत्रक (रक्षा लेखा) दक्षिण कमान, पुणे  संगठन के  कई उप-कार्यालयों एवं 109 अधीनस्थ कार्यालयों से अभी तक तिमाही प्रगति रिपोर्ट नहीं प्राप्त होने के कारण अभी तक तिमाही प्रगति रिपोर्ट कार्यालय, रक्षा लेखा महानियंत्रक, मुख्यालय को प्रेषित नहीं किया जा सका है। अध्यक्ष महोदय ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया तथा संयुक्त नियंत्रक महोदय को यह त्वरित निर्देश दिया कि जिन अधीनस्थ कार्यालयों से अभी तक तिमाही रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुआ है, उन कार्यालयों को राजभाषा की अवहेलना करने के लिए कारण वताओ नोटिस एवं चेतावनी दी जाये।
इसके पश्चात, अध्यक्ष महोदय को यह बताया गया कि प्रधान नियंत्रक (रक्षा लेखा) दक्षिण कमान, पुणे, मुख्य कार्यालय में नवनियुक्त लिपिकों, लेखा परीक्षकों को टंकण परीक्षा हेतु नामांकित किया गया है एवं उक्त सभी की कक्षा हिंदी शिक्षण योजना,पुणे में 18 अगस्त से प्रारंभ होगी। अध्यक्ष महोदय ने इस पर अपना संतोष जताया और राजभाषा अनुभाग को यह निर्देश दिये कि समय-समय पर अहिंदी भाषी कार्मिकों को भाषा प्रशिक्षण, लिपिकों एवं आशुलिपिकों को टंकण एवं आशुलिपि प्रशिक्षण के लिए नामित करते रहें ताकि राजभाषा के प्रभावी प्रचार, प्रसार में कोई बाधा न पहुँचे एवं वे निर्विवाद रूप से चलता रहे। अध्यक्ष महोदय ने प्रशिक्षण परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले लाभार्थियों को मिलने वाले वेतन-वृद्धि व वेतन लाभ प्रदान कराने का भी निर्देश दिया ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित रहे और उनसे उन्हें वित्तीय फायदा प्राप्त हो सके। 
इसके उपरांत, अध्यक्ष महोदय को यह सूचित किया गया कि वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार एवं पिछली तिमाही बैठक 03/2023 में अध्यक्ष महोदय के आदेशानुसार वर्ष 2022-23 के लक्ष्य के अनुसार पुणे, खड़की, तलेगांव, देहु रोड स्थित 11 कार्यालयों का निरीक्षण सहायक निदेशक (राज.) द्वारा दिनांक 17/08/2023 से 25/08/2023 के दौरान किया जाएगा । नाशिक, देवलाली, जामनगर, पोरबंदर, भुज, नलिया स्थित अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण वेतन लेखा कार्यालय, एमआईआर, अहमदनगर का राजभाषा निरीक्षण वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी द्वारा दिनांक 16/08/2023 तक पूर्ण किया जाएगा। इस पर अध्यक्ष महोदय ने उक्त निरीक्षण तथा भविष्य में होने वाले समस्त अधीनस्थ कार्यालयों के निरीक्षण में राजभाषा नियमों, आदेशों का एवं अधिनियमों के अनुपालन पर पैनी नजर बनाए रखने तथा यथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये। 
अध्यक्ष महोदय ने इसके बाद राजभाषा अनुभाग को प्रधान नियंत्रक (रक्षा लेखा) दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय द्वारा प्रकाशित क्षिप्रा-1 Audio CD क्षिप्रा-2 Audio Casette के हिंदी संस्करण में यथा आवश्यक सुधार लाने को कहा। महोदय ने उक्त एप्लिकेशन में सरस, सरल एवं सहज हिंदी के इस्तेमाल करने पर जोर दिया ताकि एक आम भारतीय सैनिक इसे आसानी से समझ व पढ़ सके।
इसके उपरांत अध्यक्ष महोदय ने 14-15 सितंबर, 2023 को बालेवाड़ी, पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित होने वाली तृतीय (IIIrd) अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन एवं हिंदी दिवस में मुख्य कार्यालय तथा 109 उप - कार्यालयों के सभी राजभाषा कार्मिकों को भाग लेने का निर्देश दिया। साथ ही, मुख्य कार्यालय में हिंदी पखवाड़ा के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करने का भी निर्देश दिया। इसके साथ ही अध्यक्ष महोदय ने राजभाषा का द्वितीय पखवाड़ा विशेषांक तथा वर्ष 2022 व 2023 की वार्षिक राजभाषा पत्रिका शीघ्र प्रकाशित करने के उचित निर्देश जारी किया। 
25% कार्यालयों के निरीक्षण करने का आदेश प्रधान नियंत्रक ने डॉ. अनिल कुडिया, सहायक निदेशक (रा.भा.) एवं सभी राजभाषा अनुभाग के कर्मचारियों को दिया जो कि हिंदी राजभाषा नीति 1963 के अनुकूल हैं। उसका पालन करना हमारे लिये नैतिक संवैधानिक एवं आधिकारिक कर्तव्य है।
कार्यालय साहित्यकी, पोस्टर, बैनर, इन्विटेशन कार्ड, कोटेशन, एक शब्द हिंदी का, राजभाषा नोटिस बोर्ड, वेबसाइट पर राजभाषा कोना लगाना इत्यादि अन्य बातों के बारे में कार्य करने के विशेष दिशानिर्देश राजभाषा अनुभाग को दिये।
श्री बी.एस.कांबले, भा.र.ले.से., संयुक्त नियंत्रक ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद किया एवं अध्यक्ष महोदय की अनुमति से बैठक के समापन की घोषणा की।
यह जानकारी पुणे रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी श्री महेश अय्यंगार द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ