मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

आरपीएफ पुणे डिवीजन द्वारा ट्रेनों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए तेजस्विनी स्क्वाड प्रारंभ

पुणे, अगस्त (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
मध्य रेल के पुणे मंडल पर ट्रेन में यात्रा कर रही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के उद्देश्य से जागरूकता अभियान के लिए रेलवे सुरक्षा बल का तेजस्विनी स्क्वाड दिनांक 15 अगस्त 2023 से प्रारम्भ किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती इन्दू दुबे, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री उदय सिंह पवार के नेतृत्व में इस जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। अभियान का उद्देश्य रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 और मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष नंबर 7219613777 के बारे में जागरूकता पैदा करना है। रेलवे सुरक्षा बल पुणे मंडल यात्रियों की सुरक्षा, उनके सामान और रेलवे संपत्ति, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा की दिशा में काम करने का प्रयास करते हैं।
तेजस्विनी दस्ते में 01 महिला सहा. उप निरीक्षक पूनम शर्मा और 02 महिला आरपीएफ स्टाफ शामिल हैं, जिनकी निगरानी निरीक्षक/हड़पसर श्रीमती प्रीति कुलकर्णी द्वारा की जा रही है। दस्ते द्वारा लोकल ट्रेन को पुणे से लोनावला तक एस्कॉर्ट किया जा रहा है तथा अन्य ट्रेन डेक्कन एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस इत्यादि और दैनिक लोकल सेवाओं में दैनिक महिला यात्रियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिसमें  इंस्पेक्टर आरपीएफ पुणे, शिवाजीनगर, हड़पसर और चिंचवड़, मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, निरीक्षक यात्री सुरक्षा के साथ दैनिक महिला यात्रियों को जोड़ा गया है। व्हाट्स ऐप ग्रुप द्वारा आरपीएफ को यात्रा कर रही महिला यात्रियों के साथ जुड़ने का मौका मिला है। व्हाट्स ऐप ग्रुप की मदद से अपराधों को सुलझाने के लिए घटनाओं की समय पर रिपोर्टिंग करने और ट्रेनों में संभावित सुरक्षा चिंताओं की समय पर सूचनाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
तेजस्विनी दस्ता अकेली महिला यात्रियों को आवश्यक सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान करने के साथ-साथ यात्रा के दौरान कीमती सामान सुरक्षित रखने और ट्रेन के पायदान पर यात्रा न करने के बारे में, किसी अनजान व्यक्ति से कोई भी खाद्य पदार्थ स्वीकार करने से बचना इत्यादि बाबत जागरूकता पैदा करेगी। महिलाओं के खिलाफ हिंसा कभी भी निजी मुद्दा नहीं है। हम महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर के बारे में जागरूकता बढ़ाने हेतु अभियान चला रहे हैं। हम चाहते हैं कि महिला यात्रियों को यह पता चले कि उनके लिए मदद हमेशा उपलब्ध है और अगर आप कुछ देखते हैं तो आपको जरूर कुछ कहना चाहिए। महिला यात्रियों को यह जानना होगा कि वे बदलाव ला सकती हैं।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रामदास भिसे द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ