मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

महाविद्यालयों में नवयुवा मतदाताओं की नामांकन प्रक्रिया को अभियान के रूप में संचालित किया जाए : स्वीप समन्वयक अर्चना तांबे

पुणे, सितंबर (जिमाका)
भारतीय लोकतंत्र प्रणाली में मतदान प्रक्रिया महत्वपूर्ण है और इसमें युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महाविद्यालयों को नवीन मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया को अभियान के रूप में क्रियान्वित करना चाहिए। यह अपील ‘स्वीप’ समन्वयक अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी अर्चना तांबे ने की है। 
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समन्वयक अधिकारी व कैम्पस दूतों के प्रशिक्षण सत्र में वे बोल रही थीं। इस अवसर पर यहां उपजिला चुनाव अधिकारी मीनल कलसकर, वर्शिप अर्थ फाउंडेशन के अध्यक्ष तेजस गुजराथी, अल्ताफ पिरजादे आदि उपस्थित थे। 
श्रीमती तांबे ने आगे कहा कि मतदाता साक्षरता मंडल की ओर से मतदान प्रक्रिया के संबंध में व्यक्तियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले भी महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक आयोजित करके प्रत्येक महाविद्यालय में चुनाव साक्षरता मंडल की स्थापना करना, इसके लिए समन्वय पदाधिकारी व छात्र दूत नियुक्त करने हेतु निर्देश दिए हैं।
आगामी गणेशात्सव की पृष्ठभूमि पर मतदाता जागरूकता के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी महाराष्ट्र राज्य के कार्यालय की ओर से सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के लिए ‘माझा गणेशोत्सव माझा मताधिकार’ गणेशोत्सव झांकी-सजावट 2023 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसमें अधिक से अधिक मंडलों को भाग लेने की अपील श्रीमती तांबे ने की है। 
उपजिलाचुनाव अधिकारी श्रीमती कलसकर ने कहा कि हर साल 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर कुल 4 भागों में तिथियां मतदाता पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। मतदाताओं के नामांकन के लिए ‘मतदाता हेल्पलाइन ऐप’ व https://voters.eci.gov.in/  वेबसाइट का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। दिव्यांग नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन भरते समय पूरी जानकारी भरनी चाहिए।
श्रीमती कलसकर ने कहा कि मतदान प्रक्रिया के प्रति जनजागरूकता पैदा करने के लिए छात्रों की गतिविधि को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय को मीम्स, रंगोली प्रतियोगिता, भित्ति चित्र, निबंध प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन करना चाहिए। अधिकाधिक मतदाता पंजीकरण के प्रयास किये जायें।
इस अवसर पर ‘मतदाता हेल्पलाइन ऐप’ और मतदाता सेवा पोर्टल को प्रस्तुत किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ