मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

जिलाधिकारी डॉ. राजेश देशमुख द्वारा मतदाता सूची का प्रारूप जारी

9 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने हेतु जिलाधिकारी द्वारा अपील 
पुणे, अक्टूबर (जिमाका)
फोटो निर्वाचन सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. राजेश देशमुख के शुभ हाथों जिले की विधानसभावार प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नागरिकों से 9 दिसंबर तक मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अपील जिलाधिकारी ने की है। 
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में उपजिला चुनाव अधिकारी मीनल कलसकर, पर्वती विधानसभा मतदार संघ की मतदार पंजीकरण अधिकारी सीमा होलकर, कसबा विधानसभा मतदार संघ की मतदार पंजीकरण अधिकारी स्नेहा किसवे-देवकाते, तहसीलदार राधिका हावल बारटक्के, उज्ज्वला सोरटे, शीतल मुले, नायब तहसीलदार सीताकांत शिर्के, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि  उपस्थित थे।
डॉ. देशमुख ने कहा, समाज के सभी वर्गों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग काम कर रहा है। आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में बार-बार परिवर्तन होता रहता है। इसी के तहत जिले में मतदाता सूची का शुद्धिकरण   करने का अभियान चल रहा है। पिछले तीन वर्षों में मतदाता    सूची में नाम, पता,  मतदाता   सूची में दोहरे फोटो, मृतक, स्थानांतरित मतदाताओं के लगभग आठ लाख से अधिक ऐसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर किए गए हैं। 
ग्राम विकास एवं पंचायत राज विभाग के सहयोग से जिले में 1 से 7 नवम्बर 2023 तक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत ग्राम सभाओं में मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा। नए पंजीकृत नागरिकों, विवाह के बाद गांव में आई महिलाओं, गांव में स्थायी रूप से निवास करने वाले नागरिकों के नाम भी पंजीकृत किए जाएंगे, साथ ही दोहरे नाम वाले, मृत व्यक्तियों, गांव से स्थायी रूप से स्थानांतरित कर चुके व्यक्तियों, शादी के बाद दूसरे गांव में गई हुईं महिलाओं के नाम भी मतदाता सूची से बाहर कर दिए जाएंगे।
महाविद्यालयों को ‘उत्कृष्ट मतदाता मित्र’ पुरस्कार
जिलाधिकारी ने बताया कि  शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत को ध्यान में रखते हुए युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए महाविद्यालय स्तर पर शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। ‘उत्कृष्ट मतदाता मित्र’ पुरस्कार का आयोजन किया गया है और यह पुरस्कार शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण करानेवाले तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करनेवाले महाविद्यालयों को दिए जायेंगे। 
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए शहर की 36 बड़ी हाउसिंग सोसाइटियों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। कुल मिलाकर युवा मतदाताओं की वृद्धि और मृत मतदाताओं के नाम हटाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। राजनीतिक दल सभी स्थानों पर मतदान केन्द्र स्तरीय सहायक की (बीएलए) की नियुक्ति कर सहयोग करें।
जिलाधिकारी डॉ. देशमुख ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारूप सूची जारी कर दी गई है। इस प्रारूप मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां 9 दिसंबर तक संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारी को प्रस्तुत की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर 26 दिसम्बर 2023 तक निर्णय लिया जायेगा तथा 5 जनवरी 2024 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची का प्रारूप मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मतदाता पंजीकरण अधिकारी की वेबसाइट के साथ-साथ मतदान केंद्र के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित किया गया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. देशमुख ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची का प्रारूप और सूची की सीडी वितरित कीं।
जनवरी से अक्टूबर 2023 के दौरान 1 लाख मतदाताओं की वृद्धि
जिले में 5 जनवरी 2023 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में मतदाताओं की कुल संख्या 79 लाख 51 हजार 420 है तो 27 अक्टूबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की कुल संख्या 80 लाख 73 हजार 183 है। जनवरी से अक्टूबर इस अवधि के दौरान 1 लाख 21 हजार 763 मतदाता बढ़े हैं।
पुरुष मतदाताओं की संख्या जनवरी में 41 लाख 66 हजार 265 की तुलना में अक्टूबर की सूची में 42 लाख 25 हजार 918 है, जबकि जनवरी में महिला मतदाताओं की संख्या 37 लाख 84 हजार 660 तो अक्टूबर में यह संख्या 38 लाख 46 हजार 741 है। जनवरी की मतदाता सूची में 1,000 पुरुषों के पीछे 908 तो अक्टूबर में 1,000 पुरुषों के पिछे 910 महिला मतदाता हैं। तृतीयपंथी समुदाय की संख्या 495 से बढ़कर 524 हो गयी है।
जिले में 18 से 19 आयु वर्ग की जनसंख्या 3.13 प्रतिशत यानी 3 लाख 71 हजार 3 है, लेकिन अक्टूबर की सूची के अनुसार मात्र 0.67 प्रतिशत यानी 79 हजार 362 युवाओं ने ही मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया है। 20 से 29 आयु वर्ग की आबादी 23.86 प्रतिशत यानी 28 लाख 27 हजार 376 है। हालांकि अक्टूबर की सूची के मुताबिक इनमें से सिर्फ 11.51 प्रतिशत यानी 13 लाख 63 हजार 624 मतदाता का ही पंजीकरण हो गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ