मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

आकुर्डी स्टेशन के नजदीक सतर्क कर्मचारियों के चलते संभावित दुर्घटना टली

पुणे, अक्टूबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
पुणे रेल मंडल के पुणे-लोनावला अप रेलमार्ग के आकुर्डी स्टेशन के नजदीक रेलवे ट्रैक  किमी 172/6-7 पर शुक्रवार, 6 अक्टूबर को किसी शरारती तत्व ने ट्रैक पर बोल्डर रख दिए थे, जिससे रेल दुर्घटना होने की संभावना थी। लोनावला-पुणे डाउन लोकल संख्या 01561 जब उक्त स्थान से गुजरी तब लोकल के गार्ड श्री संदीप भालेराव की नजर ट्रैक पर रखे हुए बोल्डर्स पर पड़ी तथा उन्होंने अविलंब इसकी सूचना चिंचवड स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक श्री मैथू जोर्ज को दी। बोल्डर्स रखे हुए स्थान से थोड़ी ही देर में गाड़ी संख्या 16352 नागरकोइल-मुंबई एक्सप्रेस पास होनेवाली थी। श्री मैथू जोर्ज ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए इस बारे में गाड़ी के लोको पायलट श्री एम.वी. पवलकर एवं ट्रेन मैनेजर (गार्ड) श्री डी. के. वर्मा को गाड़ी को काशन आर्डर के साथ पास करने के बारे में सूचित किया।
इसी दौरान नजदीक ही इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर श्री शैलेंद्र त्रिपाठी एवं उनकी टीम जो रेल वेल्ड टेस्टिंग कार्य के लिए आयी हुई थी, उन्हें सूचित कर रेलवे ट्रैक पर रखे हुए बोल्डर्स हटाये गए तथा रेलवे ट्रैक के सुरक्षित हो जाने के पश्चात गाड़ी संख्या 16352 नागरकोइल-मुंबई एक्सप्रेस को सुरक्षित रवाना किया गया। इसके पश्चात यहां से दूसरी गाड़ी संख्या 11030 छत्रपति शाहू महाराज टर्मिनस कोल्हापुर-मुंबई कोयना एक्सप्रेस को पास किया गया। रेल सुरक्षा बल द्वारा रेलवे ट्रैक पर बोल्डर्स रखे जाने की इस घटना की जांच शुरू कर दी है साथ ही रेल प्रशासन से इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए इंजीनियरिंग विभाग तथा रेल सुरक्षा बल के द्वारा संयुक्त रेलवे ट्रैक पैट्रोलिंग का निर्णय लिया है।
रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से एक संभावित दुर्घटना टल जाने पर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती इन्दू दुबे, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेश कुमार सिंह तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. स्वप्निल निला एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) ने कर्मचारियों का अभिनंदन किया है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. रामदास भिसे द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ