मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे एयरपोर्ट पर काम करने वाली 35 वर्षीय एयरहोस्टेस की संदिग्ध मौत, जंगल में मिला शव; साथ गया युवक हिरासत में

 

नागपुर: पुणे एयरपोर्ट पर एक निजी एयरलाइन के टिकट काउंटर पर काम करने वाली 35 वर्षीय वर्षा तुरकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार शाम गोंदिया जिले के एक सुनसान जंगल में उनका शव मिला। वर्षा के शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं। पुलिस को मामले में किसी साजिश की आशंका है और हत्या के एंगल से जांच की जा रही है।

इस मामले में वर्षा के साथ गए उनके परिचित नितेश अग्रवाल को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। नितेश ने पुलिस को बताया कि वे दोनों कार से जंगल क्षेत्र में गए थे। वहां तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर हमला किया और 40 हजार रुपये नकद तथा सोने के कीमती सामान लूट लिए। उसने दावा किया कि लूटपाट के दौरान बदमाशों में से एक ने वर्षा पर चाकू से हमला किया।

हालांकि, नितेश के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों को लेकर पुलिस को संदेह है। पुलिस के अनुसार, इस कथित हमले में नितेश को कोई चोट नहीं आई, जबकि वर्षा की पीठ पर चाकू के चार गहरे घाव थे। इसी विरोधाभास के चलते पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, वर्षा तुरकर पुणे के धनौरी इलाके में रहती थीं और पुणे एयरपोर्ट पर एक निजी एयरलाइन के टिकट काउंटर पर कार्यरत थीं। दिवाली का त्योहार मनाने के लिए वह अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के नवेगांव किन्ही गांव स्थित अपने मायके गई थीं। उन्हें रविवार को वापस पुणे लौटना था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे वर्षा अपने परिचित नितेश अग्रवाल (निवासी मनोहर चौक, गोंदिया) के साथ घर से निकली थीं। दोनों वैनगंगा नदी के पास स्थित बोंडराणी जंगल क्षेत्र में एक मंदिर के पीछे गए थे।

घटना के बाद परिजन वर्षा को तत्काल खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दवनीवाड़ा पुलिस ने नितेश अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस हत्या और लूटपाट, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

वर्षा के पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल इस मामले में किसी की औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ