मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

दक्षिणी कमान किसी भी सुरक्षा चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है : लेफ्टिनेंट जनरल सी. पी. महान्ती

पुणे, जनवरी (ह.ए. प्रतिनिधि)
दक्षिणी कमान किसी भी सुरक्षा चुनौती का सामना करने तथा दिए गए आदेशों को पूरा करने के लिए सक्रिय रूप से तैयार है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना उभरते खतरों और तकनीकी का लगातार विश्लेषण कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में निर्णय और तकनीकी में हम आगे रहने के लिए तैयार हैं। ऐसा करने से सेना राष्ट्रीय पहल आत्मनिर्भर भारत की ओर केन्द्रित है। यह आश्वासन लेफ्टिनेंट जनरल सी. पी. महान्ती, जनरल अफसर कमाण्डिंग-इन-चीफ, दक्षिण कमान ने दिया। 
आजाद हिन्द फौज अथवा भारतीय राष्ट्रीय सेना के संस्थापक नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जन्म दिवस के अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल सी. पी. महान्ती, जनरल अफसर कमाण्डिंग-इन-चीफ, दक्षिण कमान ने मीडिया से बातचीत की और भारतीय सेना के दक्षिणी कमान जिसके अधीन 11 राज्य और 04 संघ राज्य क्षेत्र आते हैं, से संबंधित विभिन्न रक्षा और पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
तीनों सेवाओं के बीच तालमेल की बात करते हुए आर्मी कमाण्डर ने कहा कि तीनों सेवाओं के बीच मेल-जोल बढ़ाने के लिए दक्षिणी कमान प्रगतिशील कदम उठा रहा है, जिसका उद्देश्य संयुक्त थिएटर कमाण्डों का निर्माण है और सभी संस्थाएं जो राष्ट्रीय सुरक्षा में शामिल हैं उनके साथ सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। आर्मी कमाण्डर ने हाल ही में चल रहे त्रिसेवा अभ्यास की समीक्षा की और ट्रुपों द्वारा प्रदर्शित किया गया उच्चस्तर के तालमेल पर खुशी व्यक्त की।
राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में दक्षिणी कमान द्वारा निभाई गई भूमिका के संबंध में, जनरल अफसर ने कहा कि राष्ट्रीय नीति के अनुसार सहायता प्रदान करने के लिए दक्षिणी कमान सबसे आगे रहने के लिए प्रतिबद्ध है, चाहे वह कोविड-19 महामारी के दौर की विभिन्न चुनौतियाँ हों या अन्य प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदाएं। लेफ्टिनेंट जनरल सी. पी. महान्ती ने कठिन समय के दौरान उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी कोविड योद्धाओं की प्रशंसा की और कहा कि सेना का प्रत्येक राज्य के सिविल प्रशासन और पुलिस के साथ उत्कृष्ट समन्वय रहा है, विशेषकर महाराष्ट्र में महामारी के दौरान भीड़-भाड़ की रोकथाम के कार्यान्वयन में तथा विभिन्न मानवीय सहायता एवं आपदा राहत गतिविधियों में।
आर्मी कमाण्डर ने श्रोताओं को पुणे में कमान अस्पताल के अंतर्गत उद्घाटन की गयी आधुनिक सुविधाओं से लैस नई इमारत बहु विशेष विशाल अस्पताल के बारे में बताया, जहाँ सेवारत तथा भूतपूर्व सैनिक (वेटरन्स) इलाज करा सकेंगे। उन्होंने इस अवसर पर मीडिया के प्रतिनिधियों को पुणे में नवीनीकरण किए जा रहे राष्ट्रीय युद्धस्मारक और संग्रहालय के आगामी उद्घाटन के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नवीनीकरण इसलिए किया गया है ताकि लोगों के बीच सशस्त्र बलों के बारे में जागरुकता का स्तर बढ़े तथा युवाओं को सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरणा मिले।
अंत में, लेफ्टिनेंट जनरल सी. पी. महान्ती ने सभी को आश्वासन दिया कि भारतीय सेना हमारे देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने तथा हर समय राष्ट्र की स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखने के लिए समर्पित रहेगी। देश के नागरिकों को, विशेषकर दक्षिणी कमान की सेना की प्रतिभा एवं योगदान बताने के लिए शामिल हुए मीडिया संघ को उन्होंने धन्यवाद दिया। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) श्री महेश अय्यंगार द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ