पुणे, मार्च (ह.ए. प्रतिनिधि)
महाराष्ट्र राष्ट्रभाषा सभा, पुणे के सहसचिव प्रा. रविकिरण जगन्नाथ गलंगे को ‘मनुष्यबल विकास लोकसेवा अकादमी’, मुंबई की ओर से उपरोक्त पुरस्कार सोमवार 8 मार्च 2021 को ऑनलाइन पद्धति से प्रदान किया गया। इस समय व्यासपीठ पर पद्मश्री डॉ. विजयकुमार शहा, डॉ. महालक्ष्मी वानखेडकर, डॉ. शुभदा जोशी तथा इस संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एड्. कृष्णाजी जगदाले उपस्थित थे। आनलाइन पुरस्कार पद्धति इस प्रकार थी। सभी पुरस्कार्थियों को ऑनलाइन उपस्थित रहने के लिए कहा गया। निवेदक पुरस्कार्थी का नाम पुकारते थे, उनका नाम और पुरस्कार का नाम स्क्रीन पर दिखाई देता था, पुरस्कार्थी संक्षिप्त में अपना परिचय देते थे तब अतिथि महोदय स्क्रीन के पास जाकर सम्मानपत्र, स्मृतिचिह्न और शाल लेकर उन्हें प्रदान करते थे और उस समय वहाँ उपस्थित लोग तालियों की बौछार कर रहे थे।
साहित्यिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा अन्यान्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करनेवाली हस्तियों को यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। प्रा. रविकिरण गलंगे का इन क्षेत्रों में सतत कार्य जारी रहता है। यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विद्यापीठ, पुणे के वरिष्ठ महाविद्यालय में व्याख्याता, भारतीय वारकरी मंडल, पुणे के सदस्य, श्री दत्तमंदिर ट्रस्ट, शुक्रवार पेठ, पुणे के विश्वस्त आदि अनेक पदों पर वे कार्यरत हैं।

0 टिप्पणियाँ