मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

औषधीय वनस्पति गार्डन में बड़े हो रहे हैं पेड़

  
पुणे, जून (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल द्वारा विभिन्न स्टेशनों,  कार्यालयों, कारखानों, डिपो, रनिंग रूम, रेलवे कालोनियों, अन्य अनुपयोगी रेलवे भूमि पर  हर वर्ष वृक्षारोपण किया जाता है। इस वर्ष भी मानसून के आरंभ से यह कार्य विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू किया गया है। शुरुआती तौर पर इस दिन कई स्थानों पर बड़ी संख्या में विभिन्न प्रजातियों के उपयोगी पौधे लगाए गए हैं ताकि पर्यावरण संवर्धन में रेलवे का भी योगदान रहे। रेल परिवार के सभी अधिकारी कर्मचारी तथा उनके परिजन इस पुनीत कार्य में अपनी ओर से विशेष योगदान दे रहे हैं। 5 जून को पुणे रेल मंडल पर अधिकारियों, कर्मचारियों ने अपनी व्यस्तता के बीच समय देकर वृक्षारोपण किया और उसकी देखरेख  का संकल्प भी लिया।
इसी संकल्प के परिणाम स्वरूप पिछले वर्ष पुणे मंडल पर लगाए गए पेड़ अब बड़े हो रहे हैं, जिन्हें देखकर सभी कर्मचारियों को खुशी हो रही है और संतोष भी मिल रहा है। इस तरह बढ़ते पेड़ निश्चित ही पर्यावरण की रक्षा करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
इस उपक्रम के तहत पुणे स्थित घोरपड़ी रेलवे कालोनी में पिछले वर्ष मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा की प्रमुख उपस्थिति में 80 से अधिक औषधीय वनस्पति पौधे इस गार्डन में लगाए गए थे। स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षकों, कर्मचारियों द्वारा की गई उचित देखभाल से इन हर्बल पेड़ों ने बड़ा रूप ले लिया है और उनकी उत्तरोत्तर  वृद्धि भी हो रही है जो बहुत ही संतोष जनक बात है। इस औषधीय वनस्पति उद्यान में मुख्यतः आंवला, अर्जुन, रीठा, बहेड़ा, मेहंदी, इंसुलिन अडूलसा जैसी आयुर्वेदिक उपयोगी औषधीय महत्व के पेड़ शामिल हैं।
मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक सहर्ष बाजपेई, श्रीमती नीलम चंद्रा, प्रकाश उपाध्याय ने कर्मचारियों द्वारा इन हर्बल पेड़ों की अच्छी तरह की जा रही देखभाल पर प्रसन्नता व्यक्त कर उनकी सराहना की है। श्रीमती रेणु शर्मा ने आशा व्यक्त की है कि इनसे पर्यावरण के साथ स्वास्थ्य की भी रक्षा होगी। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ