पुणे परिमंडल के 3,507 ग्राहकों ने किए आवेदन; 648 ग्राहकों ने जमा किए 94.34 लाख रुपये
पुणे, 22 नवंबर 2026: महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (महावितरण) की अभय योजना के माध्यम से स्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद हो चुके ग्राहकों को बकाया राशि से मुक्त होकर दोबारा बिजली कनेक्शन प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। इस योजना के तहत बकाया राशि पर लगने वाले 100 प्रतिशत ब्याज और विलंब शुल्क को माफ किया जाएगा। साथ ही, मूल बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने पर 20 प्रतिशत तक की छूट भी मिलेगी। इसलिए पुणे परिमंडल के सभी पात्र ग्राहक इस योजना में शामिल होकर बकाया मुक्त हों, ऐसी अपील महावितरण के कार्यकारी संचालक (विद्युत खरीद) दिनेश अग्रवाल ने की है।
महावितरण की अभय योजना को पुणे परिमंडल में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। शनिवार (21 नवंबर) तक कुल 3,507 ग्राहकों ने इस योजना के लिए आवेदन किया है। इनमें से 648 ग्राहकों ने कुल 94 लाख 34 हजार रुपये जमा किए हैं।
मंडलवार आंकड़ों के अनुसार, रास्तापेठ शहर मंडल के 609 आवेदक ग्राहकों में से 169 ग्राहकों ने 21.53 लाख रुपये जमा किए हैं। वहीं, गणेशखिंड शहर मंडल के 770 आवेदकों में से 246 ग्राहकों ने 44.24 लाख रुपये और पुणे ग्रामीण मंडल के 2,128 आवेदकों में से 233 ग्राहकों ने 28.57 लाख रुपये का भुगतान किया है।
पुणे परिमंडल में अभय योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के लिए कार्यकारी संचालक दिनेश अग्रवाल ने शनिवार (21 नवंबर) को भोसरी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने योजना की प्रगति और ग्राहकों की भागीदारी का जायजा लिया। इस अवसर पर गणेशखिंड मंडल के अधीक्षक अभियंता सिंहाजीराव गायकवाड, कार्यकारी अभियंता विश्वनाथ लहाने, अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता नितीन गिते सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
पुणे परिमंडल के गणेशखिंड, रास्तापेठ और पुणे ग्रामीण इन तीन मंडलों में कुल 2 लाख 82 हजार 977 ग्राहक अभय योजना के लिए पात्र हैं। इनमें 212 उच्चदाब ग्राहकों पर 72.06 करोड़ रुपये, जबकि 2 लाख 82 हजार 765 निम्नदाब एवं निम्नदाब औद्योगिक ग्राहकों पर 425.95 करोड़ रुपये की बकाया राशि है।
महावितरण ने यह योजना 6 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक लागू की है। मूल बकाया राशि की अवधि के अनुसार ग्राहकों को 10 से 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इस विशेष 'अर्ली बर्ड इंसेंटिव' का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को अपनी पूरी मूल बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान 15 दिसंबर 2026 तक करना होगा।
जो ग्राहक एकमुश्त भुगतान करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए ब्याज मुक्त किस्तों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसलिए सभी पात्र ग्राहक निर्धारित समय सीमा से पहले इस योजना का लाभ उठाएं, ऐसी अपील दिनेश अग्रवाल ने की है।
भोसरी में औद्योगिक ग्राहक ने 38.33 लाख रुपये का चेक सौंपा
महावितरण के कार्यकारी संचालक (विद्युत खरीद) दिनेश अग्रवाल ने शनिवार (21 नवंबर) को इंद्रायणीनगर, भोसरी में बकायेदार ग्राहकों के बिजली कनेक्शनों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान एक औद्योगिक ग्राहक ने अपने बकाया बिजली बिल के भुगतान के लिए दिनेश अग्रवाल को 38 लाख 33 हजार रुपये का चेक सौंपा।
पुणे परिमंडल में अभय योजना को मिला प्रतिसाद
| मंडल | आवेदन करने वाले ग्राहक | भुगतान करने वाले ग्राहक | जमा राशि |
|---|---|---|---|
| रास्तापेठ शहर | 609 | 169 | 21.53 लाख रुपये |
| गणेशखिंड शहर | 770 | 246 | 44.24 लाख रुपये |
| पुणे ग्रामीण | 2,128 | 233 | 28.57 लाख रुपये |
| कुल | 3,507 | 648 | 94.34 लाख रुपये |

0 टिप्पणियाँ