मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रयासरत

लोको पायलटों की मानसिक स्थिति तनाव मुक्त और शांतिपूर्ण रखने हेतु अनुभवी मनोचिकित्सकों एवं प्रशिक्षकों द्वारा मानसिक शांति सत्र सम्पन्न
पुणे, जुलाई (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल ट्रेन के सुरक्षित संचालन और यात्रियों की सेफ्टी के लिए लगातार प्रयासरत है। सुरक्षित गाड़ी संचालन में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और लोको निरीक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सिग्नल पार करना, अनियंत्रित गति और सेफ्टी नियमों का अनुपालन न करने के मामलों से बचने के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि लोको पायलटों की मानसिक स्थिति तनाव मुक्त और शांतिपूर्ण रहे, जिससे कि वे बहुत ही सुरक्षित तरीके से अपनी ड्यूटी कर सकें ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
पुणे रेल मंडल द्वारा अनुभवी मनोचिकित्सकों एवं प्रशिक्षकों द्वारा तनाव प्रबंधन  के लिए मानसिक शांति सत्र पुणे तथा मिरज में शुरू किये गए हैं। इस कार्यक्रम के द्वारा गाड़ी चलाने वाले लोको पायलटों को शांत और तनाव मुक्त रहकर अपनी ड्यूटी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए तैयार किया जा रहा है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। इस प्रकार के सत्र महीने में एक बार किये जा रहे हैं, जिसमें मानसिक शांति, सांसों पर नियंत्रण, मांसपेशियों को समुचित विश्राम देकर उन्हें सामान्य स्थिति में रखने हेतु मार्गदर्शन एवं प्रयोग किये जाते हैं।
रेल प्रशासन को विश्वास है कि रेलकर्मियों को निश्चित ही इससे मानसिक, शारीरिक स्वास्थ्य लाभ होगा एवं वे शांत व तनावमुक्त होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
इसके अलावा पुणे रेल मंडल ने ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए ‘नो स्पैड’ नाम से एक इन हाउस एप विकसित किया है जिसमें रेलवे सिग्नल स्थलों, सेक्शन का विवरण, जोखिम भरे स्थानों, विभिन्न लाइनों का विवरण और प्रशिक्षण वीडियो उपलब्ध हैं। इस ऐप को सभी लोको पायलट ने डाउनलोड कर लिया है, जिससे वे सुरक्षित रूप से गाड़ी चलाने के लिए इसका उपयोग करते रहेंगे। यह एप ऑफलाइन भी चलता है।
यह पहल मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ऑपरेशन) जोएल मकेंझी,  सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर प्रतीक जैन और लोको परिचालन की समर्पित टीम द्वारा की गई है। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ