मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की छत पर लगाए गए ‘सोलर पावर पैनल’

पुणे, शिवाजीनगर, खड़की रेल्वे स्टेशनों पर भी सौर-ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का कार्य प्रगति पर

पुणे, अगस्त (ह.ए. प्रतिनिधि)
पुणे रेल मंडल ने एक कदम हरित भारत की ओर बढ़ाते हुए पुणे स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बिल्डिंग की छत पर सोलर पावर पैनल लगाए हैं।
स्थापित किए गए 120 के.डब्लू.पी. 100 किलो वॉट के सौर ऊर्जा संयंत्र को मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा की प्रमुख उपस्थिति में शुरू किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलम चंद्रा, प्रकाश उपाध्याय, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर जगनंदन प्रसाद मिश्रा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। यह सौर ऊर्जा संयंत्र रेलवे ऊर्जा प्रबंधन कम्पनी लिमिटेड द्वारा मंडल विद्युत विभाग की सहायता से स्थापित किया गया है। इसमें 390 डब्लू.पी. के 310 सौर-माड्युल और 50 किलोवॉट के दो इन्वर्टर स्थापित किए गए हैं। इसकी सहायता से प्रतिदिन औसत रूप से 400 यूनिट एवं प्रतिवर्ष औसतम 01 लाख 46 हजार यूनिट विद्युत ऊर्जा का उत्पादन होगा। इस विद्युत ऊर्जा का उपयोग मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को विद्युत आपूर्ति हेतु किया जाएगा, जिससे कार्यालय की आवश्यक दैनिक विद्युत ऊर्जा की जरूरतें पूर्ण होंगी।
इस सौर ऊर्जा संयंत्र के फलस्वरूप प्रति वर्ष 102.2 टन कार्बन-डाई-ऑक्साइड उत्सर्जन में कमी होगी, जो कि कार्बन अवशोषण की दृष्टि से लगभग 240 वृक्षों को लगाने के समान है। नि:संदेह यह मध्य रेल पुणे मंडल की ओर से हरित भारत बनाने एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान है।
ज्ञातव्य हो कि भारतीय रेल वर्ष 2030 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन के लिए वचनबद्ध है। मध्य रेल पुणे मंडल भी भारतीय रेल के इस लक्ष्य को साकार करने हेतु अपना सार्थक सहयोग देने के लिए प्रयासरत है। इस सौर ऊर्जा संयंत्र का स्थापित होना इसी दिशा में एक सराहनीय कदम है।
इसी क्रम में उपरोक्त सौर ऊर्जा संयंत्र के अलावा पुणे मंडल के अन्य स्टेशनों जैसे पुणे, शिवाजीनगर, खड़की में भी सौर-ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ