मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

कई शील्ड जीतने पर पुणे रेल मंडल पर हर्षोल्लास


पुणे, सितंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल यात्रियों तथा अन्य विकास गतिविधियों के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत रहा है। इस बार भी पुणे मंडल को उसकी उल्लेखनीय सेवाओं एवं कार्यों के लिए महाप्रबंधक द्वारा पुरस्कृत किया गया है। मंडल की उपलब्धियों के लिए सिग्नल एवं दूरसंचार  विभाग, इंजीनियरिंग विभाग तथा सेफ्टी विभाग को शील्ड प्रदान की गई।
शील्ड  पुणे आने पर मंडल कार्यालय में बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत कर जश्न मनाया। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणू शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीलम चन्द्रा, प्रकाश उपाध्याय ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। श्रीमती शर्मा ने आने वाले समय में सभी से और बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
हाल ही में मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में मध्य रेल के महाप्रबंधक ने अधिकारियों को शील्ड तथा प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया था। पुणे मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणू शर्मा ने अपने सहयोगी अधिकारियो के साथ ये पुरस्कार ग्रहण किए। इंजीनियरिंग विभाग से वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) पी. के. चतुर्वेदी, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर विकास पाराशर तथा सेफ्टी विभाग से मंडल सेफ्टी अधिकारी देवेन्द्रकुमार साथ थे। महाप्रबंधक ने रेलवे बोर्ड द्वारा घोषित पुरस्कार वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. तुशाबा शिंदे को प्रदान किया।
मंडल के इंजीनियरिंग विभाग को सांगली स्टेशन पर बनाए गए गार्डन के बेहतर रखरखाव के लिए शील्ड घोषित की गई। स्टेशन पर बने इस गार्डन की उत्तम प्रकार से देखभाल के कारण स्टेशन परिसर बहुत ही सुन्दर एवं आकर्षक दिखता है। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ