मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में बारिश से फसलों को भारी नुकसान, नागपुर में एक बस बह गई

     महाराष्ट्र में मराठवाड़ा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। चक्रवात गुलाब के प्रभाव के कारण मराठवाड़ा के सभी जिलों में तेज हवाएं और गरज के साथ तेज बारिश हो रही है। बीड जिले में इस साल रिकॉर्ड बारिश हुई है। इस साल जिले में 250 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण छोटे, मध्यम और बड़े बांधों में क्षमता तक पानी भर गया है। फसलों, संपत्ति, और सड़कों को नुकसान पहुंचा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बाढ़ के पानी में छह लोग बह गए। अकेले बीड में छह लाख 65 हजार किसानों की चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फैली फसल को नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के अधिकांश जिलों में बांध और जलाशय खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं और उनके गेट खोलकर पानी छोडा जा रहा है। जिला प्रशासन ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है।
कोंकण जिलों सहित राज्य के कई हिस्सों मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, पुणे, धुले, नंदुरबार, बीड, उस्मानाबाद, सतारा, कोल्हापुर, सोलापुर, औरंगाबाद, जालना, नांदेड़, लातूर, परभणी, यवतमाल, चंद्रपुर और अन्य में पिछले तीन दिनों में मूसलाधार बारिश हुई है।
    नागपुर से राज्य परिवहन की एक बस आज सुबह बह गई। यह बस नांदेड़ जाने के लिए यवतमाल जिले के दाहेगांव गांव के पास एक बाढ़ वाली सड़क को पार कर रही थी। अधिकारियों ने बताया कि बस में 6 यात्री सवार थे, जिनमें से दो को बचा लिया गया और एक की मौत हो गई। स्थानीय बचाव दल और जिला प्रशासन लापता यात्रियों का पता लगाने के प्रयास कर रहा है। पश्चिमी विदर्भ के वाशिम, बुलढाणा और यवतमाल जिलों के कुछ हिस्सों में आज सुबह से हो रही तेज वर्षा से जानमाल का नुकसान हुआ है और फसलें बर्बाद हो गई है। पैनगंगा नदी में ऊफान के कारण बुलढाणा जिले की कई सड़कों पर पानी भरा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ