मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

सोमवार 11 अक्टूबर से पुणे जिले के महाविद्यालय, विद्यापीठ और पर्यटन स्थल होंगे शुरू

उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दिए कोविड समीक्षा की बैठक में निर्देश : 22 अक्टूबर से सिनेमागृह और नाट्यगृह भी हो सकते हैं शुरू
पुणे, अक्टूबर (जिमाका)

पुणे जिले में कोविड की परिस्थिति में सुधार हो रहा है। टीकाकरण भी अच्छा चल रहा है। इसी बात को मद्देनजर रखते हुए जिले के महाविद्यालय, विद्यापीठ और पर्यटनस्थल को सोमवार, 11 अक्टूबर से शुरू करने के निर्देश उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दिए हैं।
विभागीय आयुक्त कार्यालय में हुई कोविड समीक्षा बैठक में वे बोल रहे थे। बैठक में सांसद गिरीश बापट, पुणे मनपा के महापौर मुरलीधर मोहोल, पिंपरी-चिंचवड की महापौर माई ढोरे और विभागीय आयुक्त सौरभ राव आदि    उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा कि जिले में टीकाकरण अच्छी गति से चल रहा है। टीकाकरण में पुणे जिला राज्य में दूसरे स्थान पर है। कोविड संक्रमण भी नियंत्रण में है, इसलिए सोमवार, 11 अक्टूबर से  महाविद्यालय शुरू किए जाएं। जिन विद्यार्थियों ने कोविड के दोनों टीके ले लिए हैं, उन्हें ही महाविद्यालय परिसर में प्रवेश दिया जाए और महाविद्यालय व्यवस्थापन द्वारा कोरोना मार्गदर्शक  सूचनाओं का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। बाहर जिलों से आने वाले विद्यार्थियों को आरटीपीसीआर जांच कराना अनिवार्य होगी।
जिले के पर्यटन स्थल बंद होने के कारण लघु व्यवसायियों के रोजगार पर विपरीत परिणाम हो रहा है। कोविड स्थिति नियंत्रण में आने के कारण पर्यटन स्थलों को सोमवार, 11 अक्टूबर से शुरू कर दिया जाएगा। पर्यटकों को मास्क पहनना और शारीरिक दूरी बनाए रखने का पालन करना होगा। सरकारी कार्यालयों की तरह निजी कार्यालयों को भी शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ जारी रखने और होटलों को रात 11 बजे तक चालू रखने की अनुमति दी जानी चाहिए। राज्य और केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आने वाले प्रशिक्षण केंद्रों को भी सोमवार से शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कम हो रही है, जो बहुत अच्छी बात है, परंतु आने वाले    त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए नागरिकों को अपनी और अपने परिवार की देखभाल करने के लिए कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा।
जिन नागरिकों ने दूसरा टीका नहीं लगवाया है, उन्हें टीका लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। पुणे और पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका क्षेत्र की झोपड़पट्टी भागों में टीकाकरण की विशेष मुहीम शुरू की जाए। घर-घर जाकर टीकाकरण करने के लिए सामाजिक संस्थाओं की भी मदद ली जाए। आगामी 22 अक्टूबर से जिले में सिनेमागृह और नाट्यगृह शुरू करने के प्रयास जारी हैं।
विभागीय आयुक्त सौरभ राव ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले के कोविड हालात की जानकारी दी। कोविड संक्रमण में वृद्धि न हो इसके लिए प्रशासन विशेष प्रयास कर रहा है, जिसके कारण सकारात्मक दर नियंत्रण में हैं। साथ ही कहा कि आगामी आनेवाले त्यौहारों के समय संक्रमण नहीं बढ़े, इसके लिए विशेष प्रयत्न किये गए हैं। पिछले हफ्ते कोरोना नियमों का उल्लंघन करनेवाले 2 हजार 584 जनों पर कार्रवाई की गई। जिले में पॉजिविटी दर 3.01 प्रतिशत है। पिछले हफ्ते 3 हजार 897 नए मरीज पाए गए और 4 हजार 382 मरीज स्वस्थ हुए। जिले में कोरोना मुक्ति का प्रमाण 98 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.6 प्रतिशत है।
बैठक में विधायक अ‍ॅड. अशोक पवार, सुनिल टिंगरे, सिद्धार्थ शिरोले, संजय जगताप, दिलीप मोहिते, वल्लभ बेणके, मुक्ता टिलक, यशदा के महासंचालक एस चोक्कलिंगम्, पुणे महानगरपालिका आयुक्त विक्रम कुमार, पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका आयुक्त राजेश पाटिल, पुणे के पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता, पिंपरी-चिंचवड के पुलिस आयुक्त कृष्णप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनव देशमुख, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आयुष प्रसाद आदि सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ