हड़पसर, नवंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)
नौकरी करनेवालों के लिए रविवार (छुट्टी) के दिन ओपीडी शुरू करने की व्यवस्था करने के कारण चिकित्सा की एक अच्छी सुविधा उपलब्ध हुई है। वक़्त के साथ यह बदलाव लाना भी ज़रूरी था, नागरिकों की मांग के कारण छुट्टी के दिन ओपीडी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह मत चेयरमैन नितिन देसाई की कन्या व उद्योजिका शीतल नवानी ने व्यक्त किया।
मोहम्मदवाडी स्थित पीबीएमए के एच.वी. देसाई नेत्र अस्पताल में बालदिन व विश्व मधुमेह दिन के अवसर पर रविवार को भी शुरू की गई ओपीडी का उद्घाटन शीतल नवानी के शुभ हाथों किया गया, तब वे बोल रही थीं। इस अवसर पर यहां पीबीएमए के चेयरमैन नितिन देसाई, अध्यक्ष राजेश शहा, विश्वस्त रोहित जिराजानी, मुख्य वैद्यकीय संचालक कर्नल डॉ. मदन देशपांडे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.जी.वी.राव, वैद्यकीय संचालक डॉ. राहुल देशपांडे, डॉ. सुचेता कुलकर्णी व अस्पताल के डॉक्टर व कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्य वैद्यकीय संचालक कर्नल डॉ. मदन देशपांडे ने बताया कि पीबीएमए के एच. वी. देसाई नेत्र अस्पताल में अब तक 60 लाख से अधिक मरीजों की जांच करके 6 लाख से अधिक मरीजों की शल्यक्रिया की गई है, साथ ही 4 लाख से अधिक मरीजों की शल्यक्रिया मुफ्त में कराई गई है। अस्पताल में सेवाएं बढ़ाने के लिए रविवार को अस्पताल में ओपीडी भी शुरू कर दी गई है। रविवार की ओपीडी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक है। कार्यक्रम का सूत्र-संचालन डॉ. राहुल देशपांडे और आभार प्रदर्शन डॉ. सुचेता कुलकर्णी ने किया।
0 टिप्पणियाँ