
श्री प्रधान ने इस क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति का जिक्र करते हुये कहा, “इस क्षेत्र से बहुत कुछ सीखा जा सकता है, इसकी विरासत बहुत समृद्ध है और प्राकृतिक संसाधनों में यह मालामाल है। आईआईएम के नये परिसर सहित इस क्षेत्र में कई अच्छे शैक्षिक संस्थान कायम हो रहे हैं।” शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र के युवाओं के लिये बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्होंने सबका आह्वान किया कि सब युवा पीढ़ी को बेहतर माहौल देने के लिये काम करें। उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया है कि मेघालय में लगभग 3.4 लाख कॉलेज जाने वाले छात्र हैं और इन युवाओं के लिये बेहतर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार पाने की क्षमता का विकास करने तथा बुनियादी अनुसंधान के महत्त्व के बारे में उनके मन में भावना इस प्रयास का पहला कदम होगा भाषायें सीखने की प्रक्रिया को सरल बनाना।”

शिक्षा मंत्री ने पूर्वोत्तर शिक्षा सम्मेलन का भी जिक्र किया, जो शनिवार को गुवाहाटी में हुआ था। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में लगभग 180 भाषायें और बोलियां हैं, जिन्हें विभिन्न जनजातियां और समुदाय बोलते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति इस विरासत के विकास और उसकी सुरक्षा के लिये अधिकृत है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में केंद्रीय हिन्दी संस्थान और इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेस यूनिवर्सिटी (ईएफएलयू) उत्कृष्टता केंद्र के रूप में काम करने लगेंगे तथा खासी, गारो और जैनतिया भाषाओं को प्रौद्योगिकी की सहायता से समृद्ध बनाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने के लिये मेघालय सरकार के साथ काम करेंगे। श्री प्रधान ने अपने विचारों को स्पष्ट करते हुये कहा कि भाषा ही वह उपकरण है, जो दुनिया भर के लोगों को आपस में जोड़ता है। उन्होंने कहा इंटरनेट पर इस क्षेत्र की भाषायें सीखने के उपलब्ध माध्यमों के जरिये राज्य के बाहर के लोगों को इस क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति तथा विरासत को जानने का मौका मिलेगा।

मेघालय के मुख्यमंत्री श्री कोनराड के. संगमा ने अपने राज्य में केंद्रीय हिन्दी संस्थान के उद्घाटन पर हर्ष व्यक्त किया और कहा कि इस संस्थान की मौजूदगी से मेघालय तथा पूरे पूर्वोत्तर के युवाओं को हिन्दी सीखने और उसमें कुशलता हासिल करने में मदद मिलेगी। मेघालय के शिक्षा मंत्री श्री लखमन रायमबुई, प्रसिद्ध शिक्षाशास्त्री और संस्कृत भारती के सह-संस्थापक श्री चामू कृष्ण शास्त्री, केंद्रीय हिन्दी संस्थान की निदेशक प्रो. बीना शर्मा तथा केंद्र और राज्य सरकार के आला अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ