मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

मध्य रेल के विस्टाडोम कोचों को जबरदस्त प्रतिसाद : अक्टूबर-दिसंबर 2021 में 20,407 यात्रियों से 2.38 करोड़ रुपये का अर्जन

मुंबई, जनवरी (ह.ए. प्रतिनिधि)

मध्य रेल के विस्टाडोम कोचों को यात्रियों से जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। चाहे वह मुंबई-गोवा मार्ग की सुंदर वादियों/ घाटियों, नदियों और झरनों वाले दृश्य हों या मुंबई-पुणे मार्ग के साथ पश्चिमी घाट के प्राकतिक सौन्दर्य के विहंगम दृश्य हों, कांच की छत का शीर्ष और चौड़ी खिड़की के शीशे वाले ये कोच  हिट साबित हुए हैं।
मध्य रेल ने अक्टूबर से दिसंबर-2021 के बीच 2.38 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज करते हुए 20,407 यात्रियों का परिवहन किया है। सीएसएमटी-मडगांव-सीएसएममटी जनशताब्दी एक्सप्रेस 100% यात्रियों के साथ सबसे अग्रणी है, यानी 7,754 यात्रियों से 1.40 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया है। सीएसएमटी-पुणे-सीएसएमटी डेक्कन एक्सप्रेस 90.43% यानी 7,185 यात्रियों से 50.96 लाख रुपये के अर्जित राजस्व किया है, इसके बाद 5,468 यात्रियों के साथ डेक्कन क्वीन से 46.30 लाख रुपये का अर्जन हुआ है। डेक्कन क्वीन अप डायरेक्शन यानी पुणे से मुंबई तक 94.28 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ अधिक लोकप्रिय है।
विस्टाडोम कोचों को पहली बार 2018 में मुंबई-मडगांव जनशताब्दी एक्सप्रेस में लगाया गया था। इन कोचों की अत्यधिक लोकप्रियता के कारण इन कोचों को मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस में दिनांक 26.6.2021 से लगाया गया था। यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए मुंबई-पुणे रूट पर दूसरा विस्टाडोम कोच दिनांक 15.8.2021 से डेक्कन क्वीन में जोड़ा गया।
विशिष्ट विस्टाडोम डिब्बों में शीशे की छत के अलावा कई औऱ विशेषताएं हैं जैसे चौड़ी खिड़की के शीशे, एलईडी लाइट, रोटेटेबल सीटें और पुशबैक चेयर, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, कई टेलीविजन स्क्रीन, विद्युत संचालित स्वचालित स्लाइडिंग कम्पार्टमेंट दरवाजे, दिव्यांगों के लिए चौड़े साइड स्लाइडिंग दरवाजे, सिरेमिक टाइल फर्श वाले शौचालय आदि,औऱ अंत में है अत्यधिक लोकप्रिय वीविंग  गैलरी।
मध्य रेल के माटुंगा कारखाना द्वारा डेक्कन क्वीन में विस्टाडोम कोच का नवीनीकरण और सजावट की गई है। विस्टाडोम कोचों ने पर्यटन को बढ़ावा दिया है और भारतीय रेल में लक्जरी यात्रा की अवधारणा में क्रांति ला दी है। यह प्रेस विज्ञप्ति जनसंपर्क विभाग, मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई द्वारा जारी की गई है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ