मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

एएफसी विमेंस एशियन कप इंडिया 2022 (ग्रुप-बी) : फिलीपींस ने लंबे इंतजार के बाद थाईलैंड को हराया

मुम्बई, जनवरी (जिमाका)

फिलीपींस ने एएफसी महिला एशियन कप इंडिया 2022‘ के ग्रुप बी में शुक्रवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में थाईलैंड को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। फिलीपींस के लिए एकमात्र गोल फॉरवर्ड चैंडलर मैकडेनियल ने 81वें मिनट में किया। इस जीत के बाद फिलीपींस की क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बढ़ गई है जबकि थाईलैंड ने अपना मौका गंवा दिया।
फिलीपींस की टीम इससे पहले, पिछले 12 मुकाबलों में एक बार भी थाईलैंड को नहीं हरा पाई थी। लेकिन इस बार उसने फ्रंट फुट से शुरुआत की। हालांकि जैसे जैसे खेल आगे बढ़ता गया, वो खुद को डिफेंड करने में लग गई। 1983 में एएफसी महिला एशियन कप जीतने वाली थाईलैंड की टीम दूसरे मिनट में ही एक्शन में दिखी जब सौवलक पेंगगम ने मिरांडा निल्ड के लिए एक मूव बनाया। लेकिन उनके शॉट को डिफ्लेक्ट कर दिया गया।
इसके बाद मिडफील्डर ओरपिन वेनगोएन ने फॉनफिरुन फिलवान की असिस्ट पर शॉट लगाकर अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन गोलकीपर ओलिविया डेविस-मैकडेनियल ने इसे नाकाम कर दिया। फिलीपींस ने अपना अटैकिंग जारी रखते हुए मैच में उस समय बढ़त बना ली थी, जब कैटरीना गुइलो ने बॉल को नेट में पहुंचा दिया। हालांकि थाईलैंड की गोलकीपर वरापॉर्न बुन्सिंग ने उस समय राहत की सांस ली जब गोल को रुल्ड आउट करार दे दिया गया।
इसके बाद थाईलैंड ने अपना आक्रमण तेज कर दिया और 14वें मिनट में टीम गोल करने के बेहद करीब पहुंच गई, लेकिन मिडफील्डर निपवन पेन्योसुक के शॉट को गोलकीपर ने सेव कर दिया। मजबूत डिफेंस के बाद फिलीपींस की टीम ने 35वें मिनट में एक अच्छा मौका बनाया। तेन्हेई एनिस ने क्विंली क्यूएजेडा को एक क्रास दिया, लेकिन उनके शॉट को गोलकीपर डेवियस मैकडेनियल ने सेव कर दिया और हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 ही रहा।

दूसरे हाफ में पूर्व चैंपियन थाईलैंड के पास अपना खाता खोलने का मौका था, सौवलक पेंगगम ने कॉर्नर से बॉल को नटवाडी प्राम-नेक की तरफ भेजा, लेकिन मिडफील्डर की इस बेहतरीन प्रयास को गोलकीपर डेविस-मैकडेनियल ने आसानी से सेव कर लिया।
फिलीपींस की टीम मैच के एक घंटे बाद भी कम काउंटर अटैक कर रही थी। लेकिन इसके बावजूद उसने दो शानदार मौके बनाए। हालांकि पहले मौके पर क्विंले क्वएजेडा और फिर चांडलर मैकडेनियल बॉक्स के अंदर बॉल को टारगेट के लिए नहीं भेज पाई।
लेकिन फिलीपींस ने आखिरकार 81वें मिनट में जाकर सफलता हासिल की जब चांडलर मैकडेनियल थाईलैंड की डिफेंस को भेदने में सलफ रहीं। फॉरवर्ड मैकडेनियल ने 20 यार्ड से बेहतरीन शॉट लगाते हुए बॉल को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। उनके इस शॉट पर बुन्सिंग बॉल को अपने कब्जे में लेने में विफल रही और बॉल गोल लाइन के पार चली गई।
फिलीपींस को अब अपना अगला मुकाबला सोमवार को मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है, जहां उसकी कोशिश टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने की होगी। वहीं, थाईलैंड की टीम इंडोनेशिया से भिड़ेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ