मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे रेल मंडल पर विश्व विरासत दिवस का किया गया आयोजन

पुणे, अप्रैल (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)

ऐतिहासिक विरासतों को उनके मूल रूप में सुरक्षित रखने हेतु लोगों में जागरूकता फैलाने, वर्तमान तथा आनेवाली पीढ़ी को इन विरासतों की जानकारी एवं क़द्र हो इस उद्देश्य के साथ विश्व विरासत दिवस का आयोजन प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को किया जाता है। इसी क्रम में पुणे रेल मंडल पर भी गत सोमवार को विश्व विरासत दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में क्विज प्रतियोगिता, व्याख्यान का आयोजन किया गया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बृजेशकुमार सिंह की अध्यक्षता में विश्व विरासत दिवस कार्यक्रम कांफ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रकाश उपाध्याय सहित सभी अधिकारीगण उपस्थित थे। नेस वाडिया कॉलेज की प्राचार्या डॉ. श्रीमती वृशाली रणधीर का ‘विरासत और रेलवे’  विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया था, जिसमें उन्होंने भारतीय रेलवे को अपने आप में एक विरासत संपत्ति बताते हुए कहा कि रेलवे से जुड़े कई स्थान विरासत हैं।  उन्होंने जोर देकर कहा कि रेलवे की समृद्ध विरासत को जानने के लिए रेलवे और शिक्षा संस्थानों के  बीच आपसी सहयोग से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया की रेलवे  की कार्यप्रणाली तथा इससे संबंधित जानकारी लोगों को  साझा करने के अवसर पैदा किए जाने चाहिए, जिसका अध्यक्ष तथा अधिकारियों ने स्वागत किया। 
श्री बृजेशकुमार सिंह ने समापन भाषण में विश्व विरासत दिवस का महत्त्व तथा इसे मनाए जाने के बारे में विचार व्यक्त किए ।
मंडल रेल प्रबंधक  कार्यालय, ताड़ीवाला रोड रेल कॉलोनी तथा घोरपडी कोचिंग मेंटेनेंस काम्प्लेक्स  में विरासत और जलवायु पर्यावरण के बारे में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कर पुरस्कार विजेताओं को प्रमाण पत्र, उपहार देकर सम्मानित किया गया।
विश्व विरासत दिवस के उपलक्ष्य में  मंडल कार्यालय के प्रांगण में स्थापित नैरोगेज स्टीम लोकोमोटिव सहित पुणे स्टेशन परिसर में स्थित पुणे की ऐतिहासिक विरासत शनिवार वाडा की प्रतिकृति तथा अन्य विरासतों को फेयरी लाइट्स, फोकस फ्लड लैंप की सहायता से आकर्षक तरीके से सजाया गया ।  
विश्व विरासत दिवस से संबंधित कार्यक्रमों का संयोजन वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर विजयसिंह दडस के मार्गदर्शन में किया गया। संचालन सहायक स्वास्थ्य अधिकारी दिलीप गायकवाड ने तथा आभार प्रदर्शन सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर गौरव राज ने किया।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ