वानवडी पुलिस स्टेशन के अपराध निरीक्षक संदीप शिवले को निवेदन देते हुए पूर्व नगरसेवक नाना भानगिरे व राष्ट्रीय पाटील तालीम संघ के अध्यक्ष उल्हास तुपे उक्त चित्र में दिखाई दे रहे हैं।
हड़पसर, मई (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
हड़पसर के कालेपडल में घर के पास खेलते समय 10 साल की नाबालिग दिव्यांग बच्ची का अपहरण कर लिया गया। उसके बाद उसे जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ अश्लील कृत्य किया गया। ऐसा घिनौना कृत्य करनेवालों को तुरंत गिरफ्तार करके उन्हें मौत की सजा दी जानी चाहिए। यह मांग पुलिस प्रशासन से निवेदन देकर पूर्व नगरसेवक नाना भानगिरे ने वानवडी पुलिस स्टेशन से की है।
पूर्व नगरसेवक नाना भानगिरे ने बताया कि इस मामले में आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इंसानियत को शर्मसार व कलंकित करनेवाली इस घटना ने इंसानियत का गला घोंट दिया है। इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या इन दोनों आरोपियों के अलावा कोई और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल है।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई होनी चाहिए। इंसान के भेष में शैतान के रूप में घूमनेवाले दरिंदों को अदालत द्वारा मौत की सजा हो, इस बारे में उचित कार्रवाई की जाए।
वानवडी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक संदीप शिवले (अपराध) ने पूर्व नगरसेवक नाना भानगिरे से निवेदन स्वीकारा। इस अवसर पर राष्ट्रीय पाटील तालीम संघ के अध्यक्ष उल्हास तुपे उपस्थित थे। जांच टीम अपराधियों की तलाश में है, अपराधी जल्द ही हमारी गिरफ़्त में होंगे। यह विश्वास पुलिस निरीक्षक संदीप शिवले (अपराध) ने व्यक्त किया।

0 टिप्पणियाँ