मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे-कोल्हापुर रेलमार्ग पर पहली बार विद्युत इंजन से दौड़ी ट्रेन

पुणे, जून (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
लोणंद-सलपा-अदरकी सेक्शन का दोहरीकरण मार्च 2022 में पूरा होने के बाद इस मार्ग का विद्युतीकरण भी सफ़लतापूर्वक किया गया, जिसका निरीक्षण रेलवे सेफ्टी आयुक्त द्वारा 02 जून को किया गया। इसके बाद पुणे से मिरज एवं कोल्हापुर रेल मार्ग पर रेलों का संचालन विद्युत इंजन से करने का निर्णय लिया गया है। प्रारंभिक रूप से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून से गाड़ी क्रमांक 11029 कोयना एक्सप्रेस का संचालन विद्युत इंजन से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से छत्रपति शाहू महाराज टर्मिनस कोल्हापुर तक सफलतापूर्वक किया गया है।
कोयना एक्सप्रेस 11029/11030 के पश्चात् अगले चरण में शीघ्र ही महालक्ष्मी एक्सप्रेस 17411/17412 एवं महाराष्ट्र एक्सप्रेस 11040/11039 को भी विद्युत इंजन के द्वारा संचालित किया जाएगा। इसके पूर्व कोयना एवं महालक्ष्मी एक्सप्रेस का संचालन डीजल इंजन के द्वारा किया जाता था। इसके अलावा इस मार्ग में संचालित होने वाली अन्य गाड़ियों को भी क्रमबद्ध तरीके से विद्युत इंजन द्वारा चलाया जाएगा। मालगाड़ियों का संचालन भी पुणे-मिरज-कोल्हापुर में विद्युत इंजन से किया जा रहा है। पुणे-मिरज मार्ग पर जहां-जहां दोहरीकरण का कार्य पूरा हो गया है, वहां विद्युतीकरण का कार्य भी संपन्न कर लिया गया है।
केंद्रीय विद्युतीकरण संगठन (CORE)के अध्ययन के अनुसार प्रति 100 कि.मी. रेल विद्युतीकरण से प्रति वर्ष लाभ 4 मिलियन लीटर डीजल ऑयल की बचत होती है, जिससे प्रति वर्ष 2500 करोड़ विदेशी-मुद्रा विनिमय की बचत की जा सकती है। इससे भारत की आत्मनिर्भरता में वृद्धि होगी। इस विद्युतीकरण से प्रतिवर्ष प्रति 100 कि.मी. लगभग 10560 मीट्रिक टन कार्बन-डाई ऑक्साईड़ के उत्सर्जन में कमी आएगी। रेल विद्युतीकरण का प्रमुख लाभ प्रदूषण-मुक्त वातावरण है। रेल विद्युतीकरण से वातावरण में ध्वनि एवं वायु प्रदूषण में भी कमी आती है, जिससे वन्य जीवन-बाधा में कमी आती है। 
ज्ञातव्य है कि भारतीय रेल 2030 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन के लिए वचनबद्ध है। मध्य रेल पुणे मंडल भी भारतीय रेल के इस लक्ष्य को साकार करने हेतु अपना सार्थक सहयोग देने के लिए प्रयासरत है। इस दिशा में पुणे-मिरज-कोल्हापुर खंड का विद्युतीकरण एवं विद्युत इंजन से रेल गाड़ियों का संचालन एक सार्थक कदम है।  
पुणे रेल मंडल के पुणे से कोल्हापुर तक के रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो जाने पर अब कोल्हापुर स्टेशन से रवाना होनेवाली यात्री गाड़ियां डीजल इंजन के स्थान पर विद्युत इंजन से चलेंगी। पुणे रेल मंडल के परिधि में आनेवाले रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण का कार्य अब पूर्ण हो गया है।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ