मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक दक्षिण कमान, पुणे कार्यालय में एकता दिवस का आयोजन व सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ

पुणे, अक्टूबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री व गृहमंत्री भारतरत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की पावन जयंती के उपलक्ष्य में एकता दिवस मनाया गया तथा पूर्व प्रधानमंत्री प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी जी का स्मृति दिवस दिनांक 31/10/2022 का कार्यालय में भव्य आयोजन किया गया। साथ ही साथ, सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजीव चव्हाण, भा.र.ले.से, रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक के कर कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा सरदार पटेल जी की तथा स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी की प्रतिमाओं को माल्यार्पण किया गया व अन्य भारतीय रक्षा लेखा सेवा के अधिकारियों द्वारा पुष्प अर्पित किए गए।
श्रीमती पूजा भट्ट, रक्षा लेखा वरिष्ठ उप नियंत्रक महोदया ने कार्यक्रम में सभी को हिंदी में एकता दिवस की शपथ दिलवाई तथा श्री ओंकार मोघे, रक्षालेखा उप नियंत्रक महोदय ने सभी को अंग्रेजी में शपथ दिलवाई। इसके बाद श्रीमती पूजा भट्ट ने सभी उपस्थितों के लिए महामहिम राष्ट्रपति महोदया के संदेश का वाचन किया तथा श्री आलोक कुमार तिवारी, रक्षा लेखा सहायक नियंत्रक महोदय ने उपराष्ट्रपति जी के संदेश का वाचन किया। श्री ओंकार मोघे, रक्षा लेखा उप नियंत्रक महोदय ने माननीय प्रधानमंत्री जी के संदेश का वाचन किया तथा श्री स्वप्निल हनमाने, रक्षा लेखा सहायक नियंत्रक द्वारा मुख्य सतर्कता आयुक्त, नई दिल्ली के संदेश का वाचन किया गया। श्री आलोक तिवारी जी ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित किए जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और अन्य आयोजनों के बारे में सभी को जानकारी देते हुए सभी से अनुरोध किया कि वह इन प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और कार्यक्रम को रोचक और सफल बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान दें।
मुख्य अतिथि महोदय ने अपने उद्बोधन में सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यापक कार्यों को याद दिलाते हुए यह बताने की कोशिश की कि आज का जो विशाल अखंड भारत है उसे आकार देने में तथा आजादी के बाद भी भारतीय प्रशासनिक सेवाओं को बनाए रखने में उनका बहुत बड़ा योगदान है। साथ ही सभी महिलाओं की प्रेरणा रहीं स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी को याद करते हुए उन्होंने बताया कि इस महान हस्ती के कारण ही हमारी पूर्वी सीमाएं सुरक्षित हैं क्योंकि इनके अदम्य साहस और बल पर ही बांग्लादेश की निर्मिती हुई, जिसके कारण देश को सुरक्षित सीमा मिलने में सहायता हुई। उन्होंने उक्त अवसर पर केंद्रीय सतर्कता आयोग के साथ-साथ देश की विभिन्न महत्वपूर्ण जांच पड़ताल एजेंसियों की आवश्यकता, उनकी निर्माण प्रक्रिया व उनकी कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से बताया। भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए उन्होंने सभी को ईमानदारी से कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए सभी उपस्थतों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों पर भी गंभीरता से अमल करने की नसीहत दी। 
सतर्कता जागरूकता सप्ताह से संबंधित एक सतर्कता पत्रिका दक्षता जारी करने का महत्वपूर्ण ऐलान मुख्य अतिथि महोदय ने सभागृह में इस अवसर पर किया। संभवतः यह पूरे देश में एक पहली पहल होगी, जिसमें सतर्कता सप्ताह पर एक विशेष ई-पत्रिका का निर्माण और उसका विमोचन किया जाएगा, जिसकी एक प्रति केंद्रीय सतर्कता आयोग को भी भेजी जाएगी जो एक सराहनीय प्रयास होगा।
कार्यक्रम के अंत में श्री ओंकार मोघे, रक्षा लेखा उप नियंत्रक महोदय ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा इस समूचे कार्यक्रम का सूत्र संचालन श्री बृजेश शुक्ल ने सुचारू रूप से किया।
यह जानकारी पुणे रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी श्री महेश अय्यंगार द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ