शिवसेना उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर द्वारा मनपा प्रशासन को चेतावनी
शिवसेना हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर हड़पसर क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक आयुक्त प्रसाद काटकर को निवेदन देते हुए, साथ में शिवसेना हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के उपविभाग प्रमुख नितिन गावडे, शिवसेना महिला आघाडी की समन्वयक प्रा. विद्या होडे, संतोष होडे, शिवसैनिक मयूर फडतरे, माली महासंघ की दिपाली माटे उक्त चित्र में दिखाई दे रहे हैं।
हड़पसर, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
आम जनता के स्वास्थ्य के साथ पुणे महानगरपालिका के जल विभाग को खिलवाड़ करने का क्या अधिकार है? प्रभाग क्रमांक 23 हड़पसर गांवठाण में पिछले पांच छह सालों से अनियमित, अशुद्ध, बदबूदार तो कुछ जगह पर पीले रंग का और कहीं-कहीं काले पेयजल की आपूर्ति हो रही है। जलापूर्ति अनियमित, अशुद्ध, बदबूदार होने के कारण नागरिक पेट विकारों से ग्रसित हैं, त्वचा रोग तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। पुणे महानगरपालिका के जल विभाग को इस समस्या की ओर गंभीरता से देखते हुए प्रभाग क्रमांक 23 हड़पसर गांवठाण में नियमित व शुद्ध जलापूर्ति करने हेतु जल्द से जल्द कदम उठाने चाहिए अन्यथा हांडा मोर्चा निकालकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी मनपा प्रशासन को शिवसेना हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर द्वारा दी गई है।
प्रभाग क्रमांक 23 हड़पसर गांवठाण-सातववाडी प्रभाग में नियमित और स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शिवसेना हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर ने हड़पसर क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक आयुक्त प्रसाद काटकर को निवेदन दिया है। इस अवसर पर यहां शिवसेना हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के उपविभाग प्रमुख नितिन गावडे, शिवसेना महिला आघाडी की समन्वयक व वक्ता प्रा. विद्या संतोष होडे, संतोष होडे शिवसैनिक मयूर फडतरे, माली महासंघ की ओर से दिपाली माटे, प्रवीण वनवे, सागर आदि उपस्थित थे।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए महेंद्र बनकर ने आगे बताया कि वर्ष 2018 से हड़पसरगांव व परिसर में अशुद्ध पानी की आपूर्ति हो रही है और इसके लिए मैं पांच साल से समय-समय पर क्षेत्रीय कार्यालय, महानगरपालिका आयुक्त, जलापूर्ति विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजता आ रहा हूं, लेकिन संबंधित विभाग ने अक्षम्य उपेक्षा दिखाई। इससे क्षेत्र के नागरिक शारीरिक विकारों के शिकार हो गए हैं। नागरिक अपने कर समय पर अदा कर रहे हैं। महानगरपालिका ने भी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करनी चाहिए, लेकिन वैसा कुछ नहीं हुआ है। हड़पसरवासियों की सहनशक्ति अब खत्म हो गई है। सहायक आयुक्त को मांग पत्र देकर बताया है कि जलापूर्ति समस्या का समाधान अगले 15 दिनों में नहीं हुआ तो शिवसेना द्वारा कानूनी तरीकों से महिलाओं का हांडा मोर्चा महानगरपालिका भवन, क्षेत्रीय कार्यालय, जलापूर्ति विभाग पर निकाल जाएगा फिर भी अगर समस्या हल नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। यह चेतावनी भी उन्होंने दी है।

0 टिप्पणियाँ