मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

रेल यात्रियों के लिए हड़पसर रेलवे स्टेशन से पीएमपी बस सेवा शुरू

पुणे, नवंबर (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
हड़पसर रेलवे स्टेशन से वर्तमान में प्रति मंगलवार, शुक्रवार तथा रविवार को गाड़ी संख्या 17014  हैदराबाद-हड़पसर एक्सप्रेस 10.50 बजे हड़पसर पहुंचती है तथा गाड़ी संख्या 17013  हड़पसर-हैदराबाद एक्सप्रेस 15.30 बजे रवाना होती है।
इसके यात्रियों को शहर में आने-जाने एवं शहर से स्टेशन पहुंचने में आ रही दिक्कतों को समझते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों के हित में पहल करते हुए विगत दिनों पीएमपीएमएल से अनुरोध कर सिटी बस सेवा शुरू करने का निवेदन किया। इस सन्दर्भ में पुणे रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे तथा पीएमपीएमएल के महाप्रबंधक सुबोध मेडशीकर के साथ मंडल कार्यालय में  एक बैठक आयोजित की गई। रेलवे के अनुरोध पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए पीएमपीएमएल ने रेलगाड़ी के आने-जाने के समय पर विशेष बसों का इंतजाम किया है, जिनकी सेवाएं पिछले सप्ताह शुरू की गई है।
निर्णय के अनुसार हड़पसर रेलवे स्टेशन  से स्वारगेट तथा डेक्कन जिमखाना के लिए बस सेवा शुरू की गई है।
रेल गाड़ी के आगमन /प्रस्थान समय के अनुसार हड़पसर रेलवे स्टेशन से बस सुबह 11.10 तथा दोपहर 03.00 बजे स्वारगेट बस स्टैंड के लिए चल रही है तथा डेक्कन जिमखाना बस स्टैंड के लिए हड़पसर रेलवे स्टेशन से सुबह 11.00 तथा दोपहर 03.05 बजे बस चल रही है। जबकि स्वारगेट बस स्टैंड से सुबह 09.25 तथा दोपहर 02.00 बजे तथा डेक्कन जिमखाना बस स्टैंड से सुबह 09.55 तथा दोपहर 01.55 बजे हड़पसर रेलवे स्टेशन के लिए बसें चलायी जा रही हैं।
सार्वजनिक बस सेवा के प्रारम्भ होने से यात्रियों को हड़पसर रेलवे स्टेशन पर आने-जाने में काफी सुविधा हो रही है। रेल प्रशासन  यात्रियों  से  अनुरोध  करता है कि सिटी बस सेवा का पूरा लाभ उठाएं।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ