आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने प्राथमिक और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों की तैयारियों के बारे में समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ-7 को ध्यान में रखते हुए सरकारी और निजी अस्पतालों की तैयारियों की जांच करने को कहा। यह प्रक्रिया 5 जनवरी, 2023 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। समीक्षा बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री विददाला रजनी, प्रधान सचिव एमटी कृष्णा बाबू और अन्य उच्चाधिकारी शामिल हुए।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने कोविड से बचाव की तैयारियों के लिए विभिन्न सरकारी अस्पतालों में मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी से मास्क पहनने और टीके की बूस्टर खुराक लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में कोविड रोगियों के लिए पचास से साठ बिस्तर, वेंटिलेटर और पैरा-मेडिकल स्टाफ तैयार हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविदा कर्मचारी भी काम कर रहे हैं। बेंगलुरु और मंगलुरु हवाई अड्डों पर यात्रियों की कोविड जांच की जा रही है।
देश के अन्य हिस्सों की तरह पूरे जम्मू संभाग में भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जम्मू के गांधी नगर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण शर्मा ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल में ऑक्सीजन संयंत्रों सहित सभी उपकरणों की जांच की गई। पांच संयंत्रों में से एक में मामूली खराबी पाई गई जिसे जल्दी ठीक कर दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ