हड़पसर, फरवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क)
भारत में महिलाओं को सर्वाधिक होनेवाले 5 प्रमुख कैंसर चिन्हित किए गए हैं। हर साल लाखों नए कैंसर मरीज सामने आते हैं। सही समय पर रोग की पहचान हो जाए तो इस जंग में जीत जिंदगी की होगी। कैंसर को लेकर जागरूकता की कमी प्रमुख कारण है, इसे मद्देनजर रखते हुए शिविर का आयोजन किया गया है। महिलाएं अपने हर काम में उत्कृष्टता हासिल करती हैं, लेकिन वे सबसे महत्वपूर्ण पहलू को नजरअंदाज करती हैं, जो उनका स्वास्थ्य है। महिलाएं अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें। यह महत्वपूर्ण है, महिलाएं अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और इस ओर आवश्यक ध्यान दें। यह अपील आधार प्रतिष्ठान की उपाध्यक्षा माया महेश ससाणे ने की है।
आधार प्रतिष्ठान की ओर से महिलाओं के लिए नि:शुल्क मैमोग्राफी एवं सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया था, तब वे बोल रही थीं। कैंसर जांच शिविर को महिलाओं की ओर से बहुत अच्छा प्रतिसाद मिला। विवान फाउंडेशन के डॉक्टरों और उनके साथियों ने जांच शिविर में आनेवाली महिलाओं की जांच की। साथ ही उक्त शिविर में महिलाओं के लिए विशेषज्ञों ने रोग के प्रति जागरूकता व उसके उपचार की सलाह दी।
शिविर का सफलतापूर्वक संयोजन आधार प्रतिष्ठान की उपाध्यक्षा माया महेश ससाणे द्वारा किया गया था।


0 टिप्पणियाँ