मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे स्टेशन पर उद्घाटन विशेष वंदे भारत गाड़ी का भव्य स्वागत

पुणे, फरवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन विशेष वंदे भारत गाड़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से एक भव्य तथा रंगारंग कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर सोलापुर के लिए रवाना किया गया।
वंदे भारत गाड़ी के पुणे पहुंचने पर माननीय विधायक श्री सुनील कांबले की प्रमुख उपस्थिति में भव्य स्वागत किया गया। इसके पहले पुणे रेल मंडल की मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती इन्दू दुबे तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार सिंह ने रेल प्रशासन की ओर से गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पुणे से कई गणमान्य अतिथि, व्यापारिक एवं सामाजिक, शैक्षिक तथा यात्री एसोसिएशन के प्रतिनिधि, पत्रकार, छात्र-छात्राएं आदि लोगों ने उद्घाटन विशेष गाड़ी से सोलापुर की ओर यात्रा करते हुए यादगार यात्रा के साक्षी बने। इसके अलावा मुंबई से आए छात्रों, अभिभावकों ने भी यात्रा का आनंद लिया। इस अवसर पर पुणे रेल मंडल सांस्कृतिक अकादमी, स्काउट गाइड की ओर से आकर्षक एवं मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।           
मुंबई-पुणे-सोलापुर रेल मार्ग पर पहली बार वंदे भारत गाड़ी चलाई गई है। मनोहारी एवं आकर्षक रूप से सजाई गई गाड़ी को देखने स्टेशन पर भारी संख्या में लोग उपस्थित थे तथा उन्होंने रोमांचित होकर गाड़ी के साथ फोटो, सेल्फी खिंचवायी। लोनावला से पुणे तथा आगे दौंड तक रास्ते के तलेगांव, देहूरोड, आकुर्डी, चिंचवड, पिंपरी, खडकी, शिवाजीनगर, लोणी, उरुली, केडगांव, पाटस आदि स्टेशनों पर वंदे भारत ट्रेन पास होने के समय वहां उपस्थित तथा उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे जनसमुदाय ने ट्रेन को देखकर रोमांचित हो आनंद प्रकट किया।
वंदे भारत गाड़ी के स्वागत कार्यक्रम के आयोजन हेतु वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मिलिंद हिरवे, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक विनोदकुमार मीणा, मंडल कार्मिक अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, स्टेशन डायरेक्टर डॉ. रामदास भिसे तथा उनकी टीम ने संयोजन एवं समन्वय कर इसे सफल बनाया। इस दौरान पुणे में गाड़ी के स्वागत हेतु बड़ी संख्या में लोग, यात्री तथा राज्य सरकार के अधिकारी, रेल अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ