चेन्न्ई में सौरव घोषाल और जोशना चिनप्पा 13 से 17 जून तक होने वाले स्क्वाश विश्व कप में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। भारतीय स्क्वाश रैकेट महासंघ (एसएफआरआई) ने बताया कि टूर्नामेंट का आयोजन एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल और ‘इंडियन स्क्वाश एंड ट्रायथलॉन अकादमी’ में होगा। टूर्नामेंट में नौ देश भाग लेंगे। इसमें मेजबान भारत के अलावा हांगकांग, चीन, जापान, मलेशिया, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और कोलंबिया शामिल है। भारत में विश्व कप का पिछला सत्र भी 2011 में चेन्नई में आयोजित किया गया था। यह टूर्नामेंट का चौथा सत्र होगा। इस बार टूर्नामेंट में लैंगिक समानता और अंक प्रणाली में सुधार किया गया है। पिछले सत्रों में हर टीम में दो पुरुषों और एक महिला के मुकाबले इस बार दो पुरुष और दो महिला खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। प्रत्येक मैच ‘बेस्ट ऑफ फाइव गेम्स’ के प्रारूप में खेला जाएगा। टूर्नामेंट का आगाज राउंड रॉबिन पूल चरण के साथ होगा और फिर नॉकआउट चरण के मुकाबले होंगे। घोषाल, अभय सिंह, जोशना और तन्वी खन्ना भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

0 टिप्पणियाँ