श्री सत्येंद्र सिंह
पुणे, महाराष्ट्र
भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 21 जून 2023 को संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया, जिसमें में बहुत सारे देशों की बड़ी व लब्धप्रसिद्ध हस्तियों ने भाग लिया। सच में यह एक ऐतिहासिक कार्यक्रम रहा। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधिकारिक प्रवक्ता माइकेल एम्प्रिक ने इसे एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बताया है।योग की उत्पत्ति भारत में हुई। प्राचीन काल से भगवान शिव को योग का प्रवर्तक और आदि योगी के रूप में माना जाता है। ऋग्वेद में मिले एक उल्लेख के अनुसार उत्तर भारत में सिंधु-सरस्वती सभ्यता के समय में, जिसे लगभग पाँच हजार पहले की माना जाता है, योग की शुरुआत मानी जाती है। महर्षि पतंजलि ने इसे व्यवस्थित व शास्त्रीय स्वरूप प्रदान किया था। उनके द्वारा विरचित योग दर्शन सर्वविख्यात है। भारत की इस योग कला को स्वामी विवेकानंद, स्वामी रामतीर्थ, योगानंद परमहंस के अलावा भारतीय आध्यात्मिक गुरु स्वामी मुक्तानंद परमहंस, महर्षि महेश योगी, अरविंद घोष, श्रीमती निर्मला देवी आदि ने विदेशों में पहुंचाया। योग गुरु स्वामी रामदेव जी ने भारत ही नहीं विदेशों में भी मंच पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वयं योग आसन करके योग को दूरदर्शन के माध्यम से भी पूरे विश्व के घर घर में पहुंचा दिया और, काफी लोगों ने योग के माध्यम से आरोग्य प्राप्त किया तथा कर रहे हैं, परंतु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाने और इसे एक अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का श्रेय भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जाता है, जिनके योग दिवस मनाने के प्रस्ताव को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 27 सितंबर 2014 को मान्यता प्रदान की और 21 जून 2015 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा। 21 जून को मनाने का प्रस्ताव इसलिए दिया गया था कि यह उत्तरी गोलार्ध में सबसे लंबा दिन होता है और भारतीय परम्परा के अनुसार ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन होता है जो आध्यात्मिक सिद्धियों को प्राप्त करने में बहुत सहायक होता है और तभी से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। योग के लाभ तो अब हर कोई जानता है।
पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मनाया गया, जिसमें 84 देशों की हस्तियों ने भाग लिया। और न सिर्फ भारत में बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में भी योग शिविरों का आयोजन किया गया और लोगों ने बड़े उत्साह से इनमें भाग लिया।
दूसरा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2016 को चंडीगढ़ के कैपिटल कॉम्प्लेक्स में मनाया गया। तीसरा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2017 में लखनऊ के अम्बेडकर सभा स्थली में मनाया गया और कुल मिलाकर लगभग 51,000 लोगों ने भाग लिया। 2018 में ऋषिकेश उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। जैसे-जैसे अधिक से अधिक लोग योग के महत्व को समझने लगे और अपने जीवन में इसका पालन करने लगे वैसे-वैसे योग शिविरों की संख्या और इस ओर भागीदारी वर्ष-दर-वर्ष बढ़ रही है। 2019 और 2020 में कोरोनाकाल में लोगों ने घरों में रहकर योगाभ्यास किया और महामारी का सामना किया। इस प्रकार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अनवरत मनाया जा रहा है। इस वर्ष जून 2023 को प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह से मनाया गया और उनके नारे वसुधैव कुटुंबकम् को सार्थक किया गया। देश में सभी प्रतिष्ठानों, कालेजों, स्कूलों में भी योग दिवस बड़े उत्साह व प्रेम से मनाया गया। आशा है, योग और स्वास्थ्य के प्रति यह भावना मानव जीवन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और मानव शुद्ध अस्तित्व प्राप्त कर हर तरह के अपराध से भी मुक्त होगा।


0 टिप्पणियाँ