मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

समृद्धि लेक शोअर सोसाइटी के चेयरमैन सचिन मोरे और योग शिक्षक संतोष बोडके को ज्येष्ठ नागरिक संघ ने किया सम्मानित

अम्बेगांव खुर्द, जून (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
जांभुलवाड़ी रोड स्थित ज्येष्ठ नागरिक संघ (पंजीकृत) द्वारा समृद्धि लेक शोअर सोसाइटी को पुणे महानगरपालिका द्वारा स्वच्छता अभियान में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए जाने के उपलक्ष्य में सोसाइटी के अध्यक्ष सचिन मोरे को उनके जन्मदिन पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान हिन्दी साहित्यकार सत्येन्द्र सिंह के हाथों सचिन मोरे को पुष्प और श्रीफल देकर किया गया। यह कार्यक्रम ज्येष्ठ नागरिक संघ के सलाहकार चंद्रकांत थोरात की अध्यक्षता में बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
साथ ही इसी अवसर पर ज्येष्ठ नागरिक संघ जांभुलवाड़ी रोड के सदस्य एवं योग शिक्षक संतोष बोड़के को उनके जन्मदिन पर चंद्रकांत थोरात द्वारा गुलाब पुष्प और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम संघ के उपाध्यक्ष संजय रणसिंग की अध्यक्षता में किया गया।
प्रारंभ में ज्येष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत गुरव ने अपने प्रास्ताविक में ज्येष्ठ नागरिक संघ के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और सचिन मोरे तथा संतोष बोडके के जीवन पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। उसके बाद सभी सदस्यों ने दोनों उत्सवमूर्तियों को अपने अपने शब्दों में शुभकामनाएँ दीं और उनके स्वस्थ, सुखी और श्रीसमृद्धिमय जीवन की कामना की। सम्मान से भावविभोर होते हुए  सचिन मोरे ने ज्येष्ठ नागरिक संघ के कार्यों की प्रशंसा की और संघ को हर संभव सहयोग देने का वादा किया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वह ज्येष्ठ नागरिक संघ के लिए सोसाइटी में जगह दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने ज्येष्ठ नागरिक संघ और विरंगुला केंद्र को जगह देने के लिए चंद्रकांत थोरात और निर्माण कार्य के लिए श्रीकांत लिपाणे की प्रशंसा की।
योग शिक्षक संतोष बोडके ने अपने सम्मान से प्रसन्न होकर सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और बताया कि वे दस स्थानों पर नि:शुल्क योग कक्षाएं संचालित कर रहे हैं, क्योंकि योग स्वस्थ जीवन के लिए बहुत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित ज्येष्ठ नागरिकों से अनुरोध किया कि वे लिपाणे बस्ती में संचालित योग प्रशिक्षण केन्द्र पर अधिक से अधिक संख्या में आएं और अपने स्वास्थ्य में सुधार लाएं।
इस मौके पर सचिन मोरे, संतोष बोडके सहित अध्यक्ष चंद्रकांत गुरव, उपाध्यक्ष संजय रणसिंग, कार्यकारी अध्यक्ष जयसिंह जांभले, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत घोड़के, सलाहकार चंद्रकांत थोरात व सदस्य सत्येंद्र सिंह, अनिल ढोकले, दिलीप शिंदे, भीकाजी डोंगरे, चंद्रकांत जांभले, दिलीप तोडकर, अशोक खोत, सदानंद शिंदे, कैप्टन विलास रामगुडे, निजामराव जाधव, अंकुश जांभले, वसंत जांभले, देवराम सातपुते, सुरेश कसबावर, सुरेश लातूरकर, सतीश, रमेश थोपटे, मि. रानाले, बसन्ना आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन चंद्रकांत गुरव व आभार प्रदर्शन संजय रणसिंग ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ