हड़पसर, फरवरी (हड़पसर एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क)
छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर आइडियल एजुकेशन ट्रस्ट शैक्षिक संकुल में शिव जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसके साथ ही शिव जयंती के अवसर पर एक बड़ी प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूल के छात्रों समेत अभिभावक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित करके की गई। आइडियल एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से छात्रों के लिए निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रों ने बहुत उत्साह के साथ भाग लेकर शिव चरित्र, पराक्रम व स्वराज्य की अवधारणा आधारित उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले प्रतियोगियों को उपस्थित गणमान्यों के शुभ हाथों से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर यहां संस्थान के अध्यक्ष शफी इनामदार, डॉ. मुसद्दीक इनामदार, फहीम इनामदार, शोएब इनामदार के साथ संस्थान के तीनों माध्यम के मुख्याध्यापक, शिक्षक, विद्यार्थी व अभिभावक आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सूत्र संचालन बाबुलाल मनुरे ने और आभार प्रदर्शन इमरान शेख ने किया। गणमान्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्रों से छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों, वीरता, दूरदर्शिता और देशभक्ति का महत्व बताया और उनके विचारों पर अमल करने की अपील की।

0 टिप्पणियाँ