रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा खरीद परिषद ने लगभाग 7 हजार 8 सौ करोड रुपये मूल्य के साजो-सामान की खरीद के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। भारतीय वायु सेना की दक्षता बढाने के लिए रक्षा खरीद परिषद ने एम आई-17 वी-5 हेलीकॉप्टरों में इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर ईडब्ल्यू सूट की खरीद और संस्थापन को स्वीकृति दे दी है। इससे हेलीकॉप्टरों की वहनीयता बढेगी। ईडब्ल्यू सूट भारत इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड से खरीदा जायेगा। परिषद ने मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री और बख्तरबंद रेजिमेन्ट के लिए जमीन आधारित स्वायत्त प्रणाली की खरीद को भी मंजूरी दे दी है। इससे मानव रहित टोह करने, हथियारों, ईंधन तथा पुर्जों को युद्ध के मैदान पर पहुंचाने जैसे कई कार्य हो सकेंगे। 7.62 x 51 मिलीमीटर हल्की मशीनगन और ब्रिज लेइंग टैंक के खरीद के प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी गई है। हल्की मशीनगन से सुरक्षा बलों की लडने की क्षमता बढेगी और ब्रिज लेइंग टैंक से मैकेनाइज्ड बल जल्दी से आ - जा सकेंगे। परियोजना शक्ति के अन्तर्गत भारतीय सेना के लिए टिकाऊ लैपटाप और टैबलेट की खरीद को भी स्वीकृति दे दी गई है। ये सभी स्वेदेशी विक्रेताओं से ही खरीदे जायेंगे। भारतीय नौसेना के एमएच-60-आर हेलीकॉप्टरों की संचानल क्षमता बढाने के लिए परिषद ने इसके हथियारों की खरीद को भी मंजूरी दे दी है।

0 टिप्पणियाँ