पुणे, 18 फरवरी: महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोऱ्हे ने लंदन स्थित बाबासाहेब अंबेडकर के स्मारक का दौरा कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. गोऱ्हे वर्तमान में महाराष्ट्र विधानमंडल के पीठासीन अधिकारियों के इंग्लैंड अध्ययन दौरे पर हैं।
उन्होंने महामानव डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पितकर उनकी पवित्र स्मृति को नमन किया। इस अवसर पर नेहरु सेंटर के श्री रविंद्रचंद्रन ने डॉ. नीलम गोऱ्हे का स्वागत किया। इस दौरान लंदन महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष वृषाल खांडके, वैभव खांडगे, नेहरू सेंटर के श्री रविंद्रचंद्रन, स्मारक प्रबंधक श्री फहद तथा उद्यमी अनुश्री चौगुले उपस्थित थे।
इस अवसर पर डॉ. गोऱ्हे ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने कड़ाके की ठंड में अध्ययन कर अपनी शिक्षा पूर्ण की थी। महाराष्ट्र सरकार ने इस निवास स्थान को शासकीय दर्जा प्रदान किया है और यहां की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संभाली जा रही है। स्मारक के रखरखाव और सौंदर्यीकरण को और अधिक समृद्ध करने तथा यहां कार्यरत कर्मचारियों को मान्यता दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस स्मारक की गरिमा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, समाज कल्याण मंत्री संजय शिरसाट, केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले तथा पूर्व मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई का विशेष ध्यान है।
डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने 1921-22 के दौरान London School of Economics (एलएसई) में अध्ययन करते समय जिस घर में निवास किया था, वह अब ‘डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर हाउस’ के नाम से जाना जाता है। महाराष्ट्र सरकार ने वर्ष 2015 में इस घर को खरीदकर इसे स्मारक में परिवर्तित किया है। यह स्मारक किंग हेनरीज़ रोड, कैमडन, लंदन में स्थित है। यहां बाबासाहेब के जीवन से जुड़े छायाचित्र, कुछ व्यक्तिगत वस्तुएं तथा उनके कार्यों का प्रदर्शन किया गया है।
डॉ. गोऱ्हे ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के इस स्मारक का महत्व अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

0 टिप्पणियाँ