मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

पुणे मंडल उल्लेखनीय सेवाओं एवं कार्यों के लिए महाप्रबंधक द्वारा पुरस्कृत

पुणे, फरवरी (ह.ए. प्रतिनिधि) 

पुणे रेल मंडल यात्रियों तथा अन्य विकास गतिविधियों के क्षेत्र में लगातार प्रयासरत रहा है। इसी क्रम में इस बार भी पुणे मंडल को उसकी उल्लेखनीय सेवाओं एवं कार्यों के लिए महाप्रबंधक द्वारा पुरस्कृत किया गया है। मंडल की उपलब्धियों के लिए कार्मिक विभाग, सामग्री प्रबंधन विभाग तथा इंजीनियरिंग विभाग को शील्ड प्रदान की गई है।
मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री संजीव मित्तल ने अधिकारियों को शील्ड तथा प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। पुणे मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणू शर्मा ने अपने सहयोगी अधिकारियों के साथ ये पुरस्कार ग्रहण किए। सामग्री प्रबंधन विभाग से वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक विनोद कुमार मीणा, कार्मिक विभाग से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. तुशाबा शिंदे तथा इंजीनियरिंग विभाग से वरिष्ठ मंडल इंजी. (समन्वय)  पी. के. चतुर्वेदी साथ थे। 
पुणे मंडल के लिए गर्व की बात है कि इस वर्ष मध्य रेलवे के उसे अलग अलग क्षेत्रों में पुरस्कार दिए गए हैं। मध्य रेलवे के मुंबई, पुणे, भुसावल, नागपुर, सोलापुर मंडलों में से पुणे मंडल के कार्मिक विभाग, सामग्री प्रबंधन विभाग, इंजीनियरिंग विभाग को जोनल स्तर पर उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के कारण शील्ड घोषित की गई।
मंडल सामग्री प्रबंधन विभाग के अधिकारी कर्मचारी अन्य विभागों के साथ हमेशा समन्वय के साथ कार्य करते हैं, जिससे स्क्रैप सामान की नीलामी का कार्य समय पर एवं शीघ्रता से हो सका। इसके फलस्वरूप ई-पोर्टल के माध्यम से नीलामी द्वारा स्क्रैप बिक्री कर 20 करोड़ 12 लाख रूपये की आय अर्जित की गई, जिसमें उपयोग की गई रेल पटरी, कंडम डीजल इंजन, मेंटेनेंस के दौरान निकला हुआ अनुपयोगी सामान, रेल डिब्बे आदि सामान शामिल हैं। इसके साथ ही लॉकडाउन अवधि में भी सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा कोविड संबंधित सामान, मेडिकल उपकरण आदि की आपूर्ति एवं वितरण से संबंधित कार्य त्वरित एवम् उत्तम प्रकार से किया गया।
कार्मिक विभाग द्वारा किए गए कार्यों में एचआरएमएस Human Resource Management System) प्रभावी रूप से लागू करना, विभागीय परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित (CBT) माध्यम से लेना, जिससे परिणाम जल्द प्राप्त होने में मदद मिलती है, पेपरलेस कार्य प्रणाली, कर्मचारियों के प्रमोशन, सेटलमेंट, अनुकंपा आधार पर नियुक्तियां, ट्रेनिंग, रेलवे सेफ्टी से जुड़े पदों को तत्परता से समय पर भरना आदि शामिल है।
मंडल के इंजीनियरिंग विभाग को सातारा स्टेशन पर बनाए गए गार्डन के बेहतर रखरखाव के कारण शील्ड घोषित की गई। स्टेशन पर बने इस गार्डन की उत्तम प्रकार से देखभाल के कारण स्टेशन परिसर बहुत ही सुन्दर एवं आकर्षक दिखता है।
शील्ड के साथ पुणे आने पर बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत कर जश्न मनाया। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणू शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक सहर्ष बाजपेई, श्रीमती नीलम चन्द्रा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ