मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

फलटण से पुणे के बीच 31 मार्च से शुरू होंगी डेमू सेवाएं

पुणे, मार्च (ह.ए. प्रतिनिधि)
रेल प्रशासन ने अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों की सुविधा के लिए फलटण से पुणे तथा वापसी के लिए डेमू सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। फलटण-पुणे के बीच ये नियमित अनारक्षित श्रेणी के डिब्बों की डेमू सेवाएं बुधवार 31 मार्च से शुरू होंगी।
इससे पहले इसी मार्ग पर एक उद्घाटन विशेष गाड़ी मंगलवार 30 मार्च को चलायी जाएगी। इस विशेष गाड़ी का उद्घाटन माननीय रेल मंत्री पीयूष गोयल के हाथों वीडियो लिंक के जरिये फलटण स्टेशन से गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जायेगा। यह विशेष गाड़ी फलटण से रवाना होकर पुणे पहुंचेगी। रास्ते में यह गाड़ी सूरवड़ी, लोणंद, नीरा, जेजुरी तथा सासवड रोड स्टेशनों पर रुकेगी।
अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों  के लिए फलटण-पुणे अनारक्षित डेमू की नियमित सेवाएं बुधवार 31 मार्च से शुरू होंगी। गाड़ी संख्या 01435 पुणे से 05.50 बजे प्रस्थान कर 09.35 बजे फलटण पहुंचेगी तथा वापसी में गाड़ी संख्या 01436 फलटण से 18.00 बजे प्रस्थान कर 21.35 बजे पुणे पहुंचेगी। रास्ते में यह गाड़ी सूरवड़ी, लोणंद, नीरा, जेजुरी तथा सासवड रोड स्टेशनों पर रुकेगी। यह सेवा रविवार को नहीं चलेगी।
राज्य सरकार द्वारा स्थानीय प्रशासनिक स्तर पर फलटण के प्रांत अधिकारी को अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोगों को क्यूआर कोड आधारित/पास पहचान पत्र जारी करने तथा पुणे में पुलिस कमिश्नर को नोडल ऑफिसर बनाया गया है जो समस्त प्रक्रियाओं को पूर्ण करके क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र/पास जारी करेंगे। पुलिस कमिश्नर पुणे तथा तथा प्रांत अधिकारी फलटण द्वारा अत्यावश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों की पहचान करके पहचान पत्र जारी किए जाएंगे तथा यह पहचान पत्र क्यू आर कोड आधारित /पास  पर आधारित होंगे।
अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोग स्टेशन पर क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र/पास दिखाकर टिकट खरीद कर यात्रा कर सकेंगे। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ