वर्धा, अक्टूबर (ह.ए. प्रतिनिधि)
आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा की ओर से शनिवार 30 अक्टूबर, 2021 को वर्धा शहर में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. सत्यकाम मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में 150 से अधिक अध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी सहभागी हुए।
रैली के प्रारंभ में कुलपति प्रो. शुक्ल ने सभी को शुभकामनाएं दीं और रैली की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपना योगदान देश और समाज के लिए देने में अग्रसर है। व्यक्ति और समाज के मानसिक, शारीरिक और भावात्मक विकास और उनके सपनों को समग्रता में देखते हुए विश्वविद्यालय की यह पहल सफल रही है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती की पूर्वसंध्या पर आयोजित इस रैली के माध्यम से देश के एकीकरण और पर्यावरण तथा स्वास्थ्य का संदेश दिया गया। उन्होंने रैली को सफल बनाने के लिए सभी को बधाई दी।
रैली के प्रारंभ और समापन पर दिल्ली के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त डॉ. सत्यकाम मिश्र ने संबोधित किया और बधाई दी। इस अवसर पर प्रतिकुलपति द्वय प्रो. हनुमान प्रसाद शुक्ल एवं प्रो. चंद्रकांत रागीट, कुलसचिव कादर नवाज खान, समस्त अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अध्यापक, कर्मचारी, विद्यार्थी और शोधार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। रैली का नागरिकों की ओर से जगह-जगह स्वागत किया।
कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल और मुख्य अतिथि डॉ. सत्यकाम मिश्र ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पार्पण किया। यह रैली वर्धा शहर के राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज चौराहा (आर्वी नाका), छत्रपति शिवाजी महाराज चौराहा, महात्मा गांधी पुतला चौराहा, डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर चौराहा, सुभाषचंद्र बोस चौराहा (जिला सामान्य अस्पताल), जमनालाल बजाज चौराहा, लाल बहादुर शास्त्री चौराहा मार्ग से होते हुए विश्वविद्यालय के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पर पहुँची जहाँ रैली का समापन किया गया।
0 टिप्पणियाँ