मुख्य समाचार

6/recent/ticker-posts

उरूली स्टेशन पर चित्रकारी और विशेष उद्यान का अभिनव उपक्रम

पुणे, दिसंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)

पुणे रेल मंडल के वार्षिक निरीक्षण के दौरान मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार लाहोटी ने उरुली  स्टेशन पर  वाणिज्य एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा बनाई गई आकर्षक चित्रकारी तथा विशेष रूप से बनाए गए उद्यान का अवलोकन किया।  
उरूली स्टेशन को महाराष्ट्र की संस्कृति को दर्शाती वारकरियों की सुन्दर तथा आकर्षक चित्रकारी से  सजाया गया हैें इसमें भक्तिरस में डूबे हुए वारकरियों को दिखाया गया है जो हाथ में वीणा, टाल, मृदंग लिए हुए तथा सिर पर तुलसी का पौधा लेकर भगवान विट्ठल के दर्शन हेतु पंढरपुर की ओर यात्रा करते दिखाई दे रहे हैं। इसी के साथ स्टेशन पर स्थित पैदल ऊपरी पुल, प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम की दीवारों आदि पर विविध प्रकार की प्राकृतिक सुन्दर चित्रकारी की गई है जो सहज रूप से यात्रियों का मन मोह लेती है। इसके अलावा यहां  विशेष रूप से एक ऐसा अनूठा निसर्ग उद्यान बनाया गया है, जिसमें इंजीनियरिंग विभाग द्वारा कार्य के दौरान निकली हुई बेकार, अनुपयोगी वस्तुओं, रिलीज मटेरियल को पुनःउपयोग में लिया गया है। जिसमें ड्रम, पाइप, टायर, लोहे, लकड़ी, कुर्सी, स्प्रिंग आदि बेकार वस्तुओं को अचंभित करनेवाले हंसते हुए चेहरों का स्वरूप देकर सजाया गया है। वन्यजीव, पशुपक्षी आदि की कलाकृतियों को पर्यावरण हितैषी रंगों से उकेरा गया है। उरूली में नेचुरोपैथी इंस्टीट्यूट से प्रेरणा लेकर इस गार्डन में कई हर्बल किस्मों के पौधे भी लगाए गए हैं, जिनके औषधीय गुणों से सभी लाभान्वित होंगे। इन दोनों ही उपक्रमों से उरूली स्टेशन की शोभा कई गुना बढ़ गई है। साथ ही यह निसर्ग उद्यान सभी उम्र के यात्रियों सहित विशेषकर बच्चों का मनोरंजन करके सुखद अनुभूति देता है।
महाप्रबंधक श्री लाहोटी ने निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती रेणु शर्मा के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील मिश्रा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर पीयूष चतुर्वेदी, गौतम मुसले, सहायक मंडल इंजीनियर रवींद्र कुमार सिंह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक माधव राव तथा वाणिज्य, सीनियर सेक्शन इंजीनियर नरसिंग यादव, इंजीनियरिंग विभाग टीम के संयुक्त  प्रयासों से तैयार की गई चित्रकारी तथा अभिनव गार्डन की संकल्पना के लिए सराहना कर संतोष व्यक्त किया। यह जानकारी पुणे रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज झंवर द्वारा दी गई है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ