शिवसेना हड़पसर उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर द्वारा मांग, आंदोलन की दी चेतावनी
कै. अण्णासाहेब मगर प्राथमिक आरोग्य केंद्र में मृत्यु पास बनवाने की सुविधा चौबीसों घंटे उपलब्ध करवाई जाये व वहां प्रिंटर एवं झेरॉक्स की सुविधा उपलब्ध करायी जाये। इस मांग का निवेदन सहायक आयुक्त प्रसाद काटकर को देते हुए उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर व गुट प्रमुख संघटक संजय सपकाल उक्त चित्र में दिखाई दे रहे हैं।
हड़पसर, दिसंबर (ह.ए. प्रतिनिधि)
हड़पसर परिसर व नए समाविष्ट गांवों के नागरिकों को कै. अण्णासाहेब मगर प्राथमिक आरोग्य केंद्र में मृत्यु पास चौबीसों घंटे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानी चाहिए। यह मांग पुणे मनपा प्रशासन से शिवसेना हड़पसर उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर ने की है। उन्होंने मांग का निवेदन हड़पसर क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक आयुक्त प्रसाद काटकर को दिया है। इस अवसर पर यहां शिवसेना हड़पसर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के गुट प्रमुख संघटक संजय सपकाल, अनिल धायगुडे, रवी गंगवानी के साथ शिवसैनिक उपस्थित थे।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए महेंद्र बनकर ने बताया कि हड़पसर-मुंढवा क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आनेवाले कै. अण्णासाहेब मगर प्राथमिक आरोग्य केंद्र में मृत्यु पास ओपीडी के समय में ही दिया जाता है। शाम साढ़े छह बजे के बाद मृत्यु पास लेने के लिए आनेवाले नागरिकों को मृत्यु पास के लिए वानवडी में भेजा जाता है और वहां पर भी अगर मृत्युु पास न मिलने पर फिर नागरिकों को पुणे शहर में भेजा जाता है। इस तरह से रात के समय मृत्यु पास प्राप्त करने के लिए हड़पसर के साथ मांजरी, फुरसुंगी, उरूलीदेवाची, उंड्री परिसर के नागरिकों को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। स्वास्थ्य विभाग के इस अजीबोगरीब प्रबंधन के कारण हड़पसर और नए शामिल गांवों के नागरिकों को मानसिक, आर्थिक और शारीरिक कष्टों का सामना करना पड़ रहा है।
शिवसेना हड़पसर उपविभाग प्रमुख महेंद्र बनकर ने अंत में कहा कि प्रत्येक ग्राम स्वास्थ्य केन्द्र में मृत्यु पास बनवाने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही कै. अण्णासाहेब मगर प्राथमिक आरोग्य केंद्र में पहले की तरह मृत्यु पास 24 घंटे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। साथ ही मृत्यु पास विभाग में एक प्रिंटर और झेरॉक्स निकालने की अत्याधुनिक साधन उपलब्ध करवाए जाएं ताकि नागरिकों को रात में झेरॉक्स के लिए यहां-वहां न भटकना पड़े। आनेवाले 7 दिनों में 24 घंटे मृत्यु पास उपलब्ध करवाने की व्यवस्था नहीं की गई तो शिवसेना की ओर से हड़पसर क्षेत्रीय कार्यालय पर कानूनी तरीके से तीव्र आंदोलन किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ